Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

मतदान खत्म होने के बाद PM Narendra Modi ने बुलाईं ताबड़तोड़ 7 बैठकें, भीषण गर्मी और चक्रवात रेमल पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये बैठक उस वक्त बुलाई है, जब सामने आए विभिन्न एग्जिट पोल में भाजपा नेतृत्व वाले NDA गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है.

02 जून 2024 को नई दिल्ली में गर्मी और चक्रवात रेमल के बाद की स्थितियों की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अधिकारियों के साथ बैठक की. (फोटो: PIB)

PM Modi Meeting: लोकसभा चुनाव के लिए सातवें और आखिरी चरण के मतदान खत्म होने के अगले दिन रविवार (2 जून) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में भीषण गर्मी से संबंधित स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की. इसके अलावा उन्होंने चक्रवात के बाद की स्थिति की समीक्षा के लिए भी एक बैठक की, जो विशेष रूप से पूर्वोत्तर राज्यों में हुए नुकसान के संबंध में है.

भीषण गर्मी को लेकर बैठक

अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर हुई बैठक में प्रधानमंत्री को बताया गया कि मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है. इस वर्ष देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सामान्य और सामान्य से अधिक तथा प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम रहने की संभावना है.

प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया है कि आग की घटनाओं को रोकने और उनसे निपटने के लिए नियमित आधार पर उचित अभ्यास किया जाना चाहिए. अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों का फायर ऑडिट और विद्युत सुरक्षा ऑडिट नियमित रूप से किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि जंगलों में फायर-लाइन के रखरखाव और बायोमास के उत्पादक उपयोग के लिए नियमित अभ्यास की योजना बनाई जानी चाहिए.

प्रधानमंत्री को जंगल में लगने वाली आग की समय पर पहचान और उसके प्रबंधन में ‘वन अग्नि’ पोर्टल की उपयोगिता के बारे में बताया गया.

बैठक में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, कैबिनेट सचिव, गृह सचिव, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव, एनडीआरएफ के महानिदेशक और एनडीएमए के सदस्य सचिव के साथ-साथ प्रधानमंत्री कार्यालय और संबंधित मंत्रालयों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे.

चक्रवात रेमल को लेकर बैठक

एक अन्य बैठक में पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवात रेमल (Cyclone Remal) के बाद की स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें विशेष रूप से पूर्वोत्तर राज्यों पर ध्यान केंद्रित किया गया. हाल ही में आए इस चक्रवात ने काफी नुकसान पहुंचाया है, जिसके कारण तत्काल आकलन और समन्वित राहत प्रयासों की जरूरत है.

चक्रवात रेमल के कारण पश्चिम बंगाल से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों में लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ है और जान-माल का भारी नुकसान भी हुआ है. बारिश के कारण असम और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है.

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री को प्रभावित राज्यों पर चक्रवात के प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई. मिजोरम, असम, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा में भूस्खलन और बाढ़ के कारण लोगों की जान जाने और घरों और संपत्तियों को हुए नुकसान पर भी चर्चा की गई. जरूरत के हिसाब से एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं.

टीमों ने लोगों को निकालने, एयरलिफ्ट करने और सड़क साफ करने के अभियान चलाए हैं. बैठक के दौरान बताया गया कि गृह मंत्रालय राज्य सरकारों के साथ नियमित संपर्क में है.

प्रधानमंत्री ने क्या कहा

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार चक्रवात से प्रभावित राज्यों को पूरा सहयोग देना जारी रखेगी. प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय को स्थिति की निगरानी करने और बहाली के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए नियमित रूप से मामले की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया.

बैठक में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, कैबिनेट सचिव, गृह सचिव, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव, एनडीआरएफ के महानिदेशक और एनडीएमए के सदस्य सचिव के साथ-साथ पीएमओ और संबंधित मंत्रालयों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे.


ये भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव नतीजों से पहले कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक, पार्टी शीर्ष नेताओं के साथ राहुल गांधी-खरगे करेंगे चर्चा


Exit Poll के बीच बैठक

पीएम मोदी ने ये बैठक उस वक्त बुलाई है, जब सामने आए विभिन्न एग्जिट पोल में BJP नेतृत्व वाले NDA गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है.

एग्जिट पोल के दावों को अगर मानें तो ये साफ हो गया है कि तीसरी बार भी पीएम मोदी की ही सरकार बन रही है. ऐसे में भाजपा का उत्साह देखते ही बन रहा है. मीडिया सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान पीएम मोदी 100 दिनों के एजेंडे को लेकर समीक्षा करेंगे.

इन मुद्दों पर भी चर्चा

इसके अलावा 5 जून को होने वाले विश्व पर्यावरण दिवस से पहले प्रधानमंत्री बड़े पैमाने पर होने वाले समारोहों की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक करेंगे. जानकारी के अनुसार, दिन की चौथी बैठक में सरकार के 100-दिवसीय चुनाव बाद कार्यक्रम के एजेंडे की समीक्षा के लिए एक व्यापक विचार-मंथन सत्र होगा. इसमें आने वाले महीनों के लिए प्रमुख नीतिगत पहलों और शासन रणनीतियों पर ध्यान केंद्रित करने की उम्मीद है, क्योंकि भाजपा लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए लक्ष्य बना रही है.

विधानसभा चुनाव

इन बैठकों के अलावा सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के परिणाम भी आज घोषित होने वाले हैं. ये 4 जून को घोषित होने वाले लोकसभा चुनावों के परिणामों से पहले घोषित किए जाएंगे. 543 सदस्यीय लोकसभा और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए सात चरणों में मतदान हुए हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital