VD Satheesan biography: वीडी सतीशन ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत केरलम स्टूडेंट्स यूनियन से की थी. 1986-87 में वे महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी में यूनियन अध्यक्ष बने. इसके बाद उन्होंने इंडियन यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़कर संगठन में अपनी पहचान बनाई.
पहली चुनावी चुनौती
1996 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन करीब 1100 वोटों से हार गए. हालांकि यह हार उनके लिए सीख साबित हुई. 2001 में उन्होंने पारावुर सीट से जीत दर्ज की और पहली बार विधानसभा पहुंचे. इसके बाद उन्होंने लगातार छह बार इस सीट पर जीत हासिल की.
कब बने विपक्ष नेता
2021 में उन्हें केरल विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना गया. इस पद पर रहते हुए उन्होंने वामपंथी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और कुशासन जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया. उनकी आक्रामक शैली और तेजतर्रार भाषणों ने उन्हें विपक्ष का मजबूत चेहरा बना दिया.
बेदाग छवि और रणनीतिक सोच
सतीशन को उनकी साफ-सुथरी छवि और जमीनी जुड़ाव के लिए जाना जाता है. वकील होने के नाते उन्हें कानून की गहरी समझ है. यही वजह है कि वे एक कुशल रणनीतिकार और जमीन से जुड़े नेता के रूप में पहचाने जाते हैं.
ये भी पढ़ें-वीडी सतीशन सीएम पद की लेंगे शपथ, 20 मंत्री भी बनेंगे कैबिनेट का हिस्सा
संगठन में मजबूत पकड़
उन्होंने संगठन में नीचे से ऊपर तक काम करके अपनी जगह बनाई. पार्टी के भीतर उन्हें ऐसे नेता के रूप में देखा जाता है जो कार्यकर्ताओं से सीधा जुड़ाव रखते हैं और जनता की समस्याओं को समझते हैं.
आज लेंगे शपथ
आज सुबह 10 बजे तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा. इस मौके पर वीडी सतीशन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर केरल के 13वें सीएम बनेंगे. उनके साथ 20 विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे. समारोह में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे.
मंत्रियों की सूची तय
रविवार को वीडी सतीशन ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के नामों का ऐलान किया. उन्होंने बताया कि गठबंधन के नेताओं से चर्चा के बाद सूची को अंतिम रूप दिया गया है. इसमें सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखा गया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और सनी जोसेफ को भी मंत्री पद दिया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





