बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक Sanjay Leela Bhansali इन दिनों मुश्किल में घिर गए हैं. राजस्थान के बीकानेर में उनके खिलाफ दो अन्य लोगों के साथ एफआईआर दर्ज की गई है. मामला उनकी आने वाली फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से जुड़ा है, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं.
क्या हैं आरोप?
शिकायतकर्ता प्रतीक राज माथुर का आरोप है कि भंसाली ने उन्हें फिल्म का लाइन प्रोड्यूसर नियुक्त किया था. उन्होंने दावा किया कि शूटिंग से जुड़ी सारी तैयारियां, प्रशासनिक अनुमति, सुरक्षा इंतजाम, होटल बुकिंग और अन्य व्यवस्थाएं, उन्होंने संभालीं. लेकिन काम पूरा कराने के बाद उनका कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया गया और उन्हें भुगतान भी नहीं किया गया.
प्रतीक ने यह भी आरोप लगाया कि 17 अगस्त को जब वे बीकानेर के होटल नरेंद्र भवन पहुंचे, तो भंसाली के साथ मौजूद उत्कर्ष बाली और अरविंद गिल ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. एफआईआर के मुताबिक, इन लोगों ने कॉन्ट्रैक्ट मानने से इनकार कर दिया और धमकी दी कि आगे उनकी कंपनी को कोई काम नहीं मिलेगा.
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR
प्रतीक का कहना है कि उन्होंने पहले स्थानीय पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की थी, लेकिन वहां उनकी नहीं सुनी गई. इसके बाद अदालत का रुख करना पड़ा.
कोर्ट के निर्देश के बाद बीकानेर के बीछवाल थाने में संजय लीला भंसाली, उत्कर्ष बाली और अरविंद गिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. उन पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
बड़ी फिल्म के साथ बड़ा विवाद
‘लव एंड वॉर’ भंसाली की अगली बिग-बजट फिल्म है, जिसे लेकर फैंस के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह है. फिल्म में रणबीर कपूर और विक्की कौशल इंडियन एयरफोर्स पायलट के किरदार में नजर आएंगे. इसकी शूटिंग राजस्थान समेत कई लोकेशंस पर हो रही है. रिलीज डेट भी तय है, 20 मार्च 2026.
हालांकि, रिलीज से पहले ही फिल्म का नाम विवादों में आने से प्रोजेक्ट पर सवाल खड़े हो गए हैं. भंसाली पहले भी कई बार अपनी फिल्मों को लेकर विवादों में घिर चुके हैं और इस बार भी उनकी राह आसान नहीं दिख रही.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
