Bharat Express DD Free Dish

क्या आपको भी मिला मात्र 2000 रुपए में इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने का ऑफर? तो जान लिजिए ये बात

सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी का एक डीपफेक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें 90% सब्सिडी पर इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का दावा किया गया है. पीआईबी ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया है.

pib-fact-check-electric-scooter-subsidy-fake-video-pm-modi-deepfake

 

आज के दौर में जहां एक तरफ तकनीक हमारी जिंदगी आसान बना रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ शातिर दिमाग लोग इसी तकनीक का इस्तेमाल करके आम जनता को ठगने का नया-नया जाल बुन रहे हैं. इन दिनों सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो बिजली की रफ्तार से वायरल हो रहा है.

क्या है वायरल दावा?

वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद देश के नागरिकों को इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने के लिए 90% तक की भारी-भरकम सब्सिडी देने का वादा कर रहे हैं.

वीडियो में यहां तक कहा गया है कि इस सरकारी योजना के तहत आप सिर्फ 2,000 रुपये जमा करके नई नवेली इलेक्ट्रिक स्कूटी घर ला सकते हैं. अगर आपने भी इस वीडियो को देखा है और आवेदन करने का मन बना रहे हैं, तो जरा ठहरिए, क्योंकि आप एक बहुत बड़े फ्रॉड का शिकार हो सकते हैं.

क्या है असल सच्चाई?

सरकार की आधिकारिक फैक्ट-चेक एजेंसी ‘पीआईबी फैक्ट चेक’ (PIB Fact Check) ने इस दावे की पूरी तरह से पोल खोल दी है. जांच में पता चला है कि ‘yojanaupdateindia’ नाम के एक इंस्टाग्राम हैंडल द्वारा फैलाया जा रहा यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी है.

असल में यह एक ‘डीपफेक’ वीडियो है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है. इसमें प्रधानमंत्री मोदी की आवाज और उनके चेहरे के हाव-भाव की ऐसी नकल की गई है कि पहली नजर में कोई भी धोखा खा जाए. साइबर अपराधी इस तकनीक का सहारा लेकर लोगों का भरोसा जीतते हैं और फिर उनकी निजी जानकारी या बैंक अकाउंट से पैसे साफ कर देते हैं.

PIB ने साफ की तस्वीर

पीआईबी फैक्ट चेक ने अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल के जरिए लोगों को आगाह किया है कि केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री की ओर से ऐसी किसी भी योजना की कोई घोषणा नहीं की गई है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि 90% सब्सिडी या 2,000 रुपये में स्कूटी मिलने वाली बात पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठी है.

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि लोग ऐसी भ्रामक जानकारियों पर भरोसा न करें. अगर आप केंद्र सरकार की किसी भी जन-कल्याणकारी योजना के बारे में सही और सटीक जानकारी चाहते हैं, तो हमेशा सरकार की आधिकारिक वेबसाइट ‘myscheme.gov.in’ पर ही विजिट करें. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करना या अपनी बैंक डिटेल्स साझा करना आपके लिए महंगा साबित हो सकता है.

ये भी पढ़ें: Fact Check: गैस सिलेंडर लेने के लिए लगी लंबी कतार..इससे गई शख्स की जान? मौत की वजह यह नहीं जो बताई जा रही है

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read