राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर इन दिनों राजनीतिक हलचल काफी तेज है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एक बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया गया था. हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए सीजेपी नेताओं को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया था.
इस राजनीतिक उठापटक के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो आग की तरह फैल रहा है.
क्या है वायरल वीडियो में किया जा रहा दावा?
सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे इस वीडियो में कुछ लोग एक कचरा उठाने वाली गाड़ी से सड़क पर भारी मात्रा में कूड़ा गिराते और फैलाते हुए साफ नजर आ रहे हैं. सड़क पर कचरा फैलता देख आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो जाती है.
इस वीडियो को शेयर करते हुए सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि सीजेपी के इस विरोध-प्रदर्शन को बदनाम करने या जानबूझकर माहौल खराब करने के लिए नगर निगम की गाड़ियों द्वारा खुद जंतर-मंतर या आसपास की सड़कों पर कचरा फैलाया जा रहा है. एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि आखिर सरकार इस प्रदर्शन से इतनी डरी हुई क्यों है?
क्या है सच?
जब इस वायरल वीडियो की गहराई से पड़ताल की गई, तो यह पूरी तरह फर्जी और भ्रामक निकला. इस वीडियो का दिल्ली के जंतर-मंतर या सीजेपी के किसी भी प्रदर्शन से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है.
कीफ्रेम की रिवर्स इमेज सर्च से पता चला कि यह वीडियो 10 अक्टूबर का नहीं, बल्कि बहुत पुराना है. वीडियो में दिख रहे एक नीले रंग के बोर्ड पर ‘श्री प्रेम मंदिर’ लिखा हुआ है, जिसे गूगल मैप्स पर खोजने पर पता चला कि यह जगह हरियाणा के पानीपत में स्थित है.
क्या है वीडियो की सच्चाई?
पड़ताल में सामने आया कि यह मामला पानीपत नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से जुड़ा है. अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी हड़ताल पर थे. विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जीटी रोड और शहर के मुख्य बाजारों में कूड़ा डाल दिया था, जिससे शहर में करीब 100 टन कचरा इकट्ठा हो गया था.
प्रशासन ने किसी तरह सड़क से मलबा हटवाया था, लेकिन उसी पुराने वीडियो को अब सोशल मीडिया पर गलत संदर्भ के साथ जोड़कर शेयर किया जा रहा है. साफ है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हंगामे के नाम पर फैलाया जा रहा यह दावा पूरी तरह झूठा है.
यह भी पढ़ें: क्या CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में उतरे अवैध बंग्लादेशी? जानें क्या है वायरल वीडियो का सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

