एयर इंडिया (Air India) के विमानों में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सोमवार को लंदन (हीथ्रो) से बेंगलुरु आ रही फ्लाइट एआई 132 (AI 132) को उड़ान भरने से ठीक पहले ग्राउंड कर दिया गया. वजह बेहद डराने वाली है क्योंकि विमान के ‘फ्यूल कंट्रोल स्विच’ में खराबी आ गई थी. यह वही तकनीकी खामी है जिसे 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे की मुख्य वजह माना गया था, जिसमें 260 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी.
जानकारी के मुताबिक, बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के लिए तैयार था. प्री-फ्लाइट चेक के दौरान जब पायलट ने इंजन स्टार्ट करने की कोशिश की तो बाएं इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच बार-बार अपनी जगह छोड़ रहा था.
उड़ जाता विमाम तो क्या होता?
स्विच को ‘RUN’ पोज़िशन में लॉक होना चाहिए लेकिन वह बार-बार फिसलकर ‘CUTOFF’ पोज़िशन में जा रहा था. अगर यह खराबी उड़ान के दौरान होती, तो बीच हवा में इंजन को ईंधन की सप्लाई बंद हो जाती और इंजन काम करना बंद कर देता, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था. पायलट ने तुरंत इसकी सूचना दी और विमान को वहीं रोक दिया गया.
जांच के आदेश दिए गए
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि पायलट की रिपोर्ट के बाद विमान को ग्राउंड कर दिया गया है और ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (OEM) को जांच के लिए बुलाया गया है. एयरलाइन ने कहा कि DGCA के निर्देश पर उन्होंने अपने बेड़े के सभी बोइंग 787 विमानों के फ्यूल स्विच की जांच की थी, तब कोई समस्या नहीं मिली थी. यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें: बाहुबली अनंत सिंह पर आ गया फैसला! कल लेंगे विधायक की शपथ
सोशल मीडिया पर ‘सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन’ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि क्रू ने पायलट को स्विच के अजीब व्यवहार के बारे में बताया था. स्विच का बार-बार ‘कटऑफ’ होना एक गंभीर संकेत है. फिलहाल, डीजीसीए इस मामले की बारीकी से निगरानी कर रहा है.
अहमदाबाद हादसे का डरावना कनेक्शन
इस घटना ने 12 जून 2025 के उस काले दिन की यादें ताजा कर दी हैं, जब एयर इंडिया का एक और ड्रीमलाइनर (VT-ANB) अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद क्रैश हो गया था. उस हादसे में 260 लोगों की जान गई थी. जांच में सामने आया था कि उस वक्त भी फ्यूल स्विच ‘रन’ से ‘कटऑफ’ मोड में चला गया था, जिससे इंजन बंद हो गए थे. यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि वह स्विच अपने आप बंद हुआ था या किसी और वजह से, लेकिन लंदन की घटना ने साबित कर दिया है कि यह समस्या अभी भी बनी हुई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
