शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन दौरे पर गए पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मीटिंग शुरू हो गई है. दोनों नेताओं के बीच यह मीटिंग तिआनजिन के यिंगबिन होटल में चल रही है. यह मीटिंग करीब 40 मिनट तक चलेगी. पीएम मोदी आखिरी बार 2018 में चीन के दौरे पर गए थे. हालांकि पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इससे पहले भी एक दूसरे से मिल चुके हैं. उन्होंने आखिरी बार ब्रिक्स 2024 सम्मेलन रूस में मुलाकात की थी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अगस्त को जापान के दौरे के बाद चीन के तिआनजिन में आयोजित हो रहे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) में भाग लेने के लिए चीन की यात्रा पर रवाना हो गए. वो करीब 4 बजे चीन पहुंच गए. जिसकी जानकारी पीएम मोदी ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर पोस्ट के जरिये दी.
उन्होंने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, तिआनजिन पहुंच गया हूं. SCO समिट में भाग लेने और विश्व भर के नेताओं से मिलने का इंतजार कर रहा हूं.
इन मुद्दों पर हो सकती है बातचीत
बता दें कि, यह बैठक आज सुबह 9:30 बजे से शुरू हुई. पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात के लिए 40 मिनट का समय निर्धारित किया गया है. इस बैठक में कई मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है. भारत-चीन के बीच चल रहे सीमा विवाद को सुलझाने और ब्रह्मपुत्र नदी पर चीन के द्वारा बनाये जा रहे बांध को लेकर चर्चा हो सकती है.
गलवान संघर्ष के बाद आई रिश्तों में कड़वाहट
गौरतलब है कि गलवान संघर्ष के बाद भारत और चीन के रिश्तों में काफी कड़वाहट आ गई थी. जो अब धीरे-धीरे कम हो रही है. रिश्तों में नरमी के संकेत तभी मिलने शुरू हो गए थे, जब चीन के विदेश मंत्री ने कुछ समय पहले भारत का दौरा किया और दोनों देशों के बीच परस्पर सहमति के संकेत दिये.
ये भी पढ़ें- गलवान झड़प के बाद पहली बार चीन की यात्रा पर पीएम मोदी, ये SCO समिट क्यों है इतना खास? पढ़ें EXPLAINER
अमेरिकी टैरिफ भी है करीब आने की वजह
यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि अमेरिका के द्वारा भारत और चीन पर टैरिफ लगाया गया है. भारत पर जहां 50% तो चीन पर 30% टैरिफ लगाया गया है. भारत और चीन के करीब आने की यह भी एक वजह बताई जा रही है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




