Amit Shah Assam Visit: असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी बड़े राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी तैयारियां और प्रचार अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे पर असम में हैं. उन्होंने दावा किया है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 90 से अधिक सीटें जीतकर राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा. शनिवार को गुवाहाटी में एक शानदार रोड शो के जरिए चुनाव प्रचार का शंखनाद करने के बाद, आज अमित शाह राज्य में दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे.
अमित शाह के आज के कार्यक्रम
रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का असम में धुआंधार चुनाव प्रचार जारी रहेगा. आज उनके साथ-साथ बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चुनावी रैलियां करेंगे. आज के कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार है.
- सोनितपुर में पहली जनसभा: अमित शाह सुबह 11:30 बजे ढेकियाजुली (Dhekiajuli) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सोनितपुर के फुटबॉल ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
- नलबाड़ी में दूसरी रैली: इसके बाद दोपहर 12:45 बजे गृह मंत्री तिहू (Tihu) विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे, जहां नलबाड़ी के चमाटा एचएस स्कूल के मैदान (Chamata H S School Field) में उनकी दूसरी जनसभा होगी.
गुवाहाटी के मेगा रोड शो में उमड़ा था जनसैलाब
इससे पहले, शनिवार शाम को राजधानी गुवाहाटी पहुंचने के बाद अमित शाह ने अपने दो-दिवसीय दौरे की शुरुआत एक भव्य रोड शो से की थी. खुली एसयूवी में सवार गृह मंत्री को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा था. यह मेगा रोड शो आर्य विद्यापीठ कॉलेज के मैदान से शुरू होकर ए.के. आजाद रोड होते हुए गुवाहाटी के नेपाली मंदिर प्वॉइंट पर समाप्त हुआ. इस दौरान करीब दो किलोमीटर की दूरी तय की गई.
ये भी पढ़ें: जेलेंस्की के दावे में कितना दम? अमेरिका-इजरायल-ईरान जंग में बताया रूस का ‘सीक्रेट’ रोल
एनडीए उम्मीदवारों के लिए मांगा वोट
अमित शाह ने यह रोड शो मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (जलुकबाड़ी सीट), विजय कुमार गुप्ता (गुवाहाटी सेंट्रल), डिप्लू रंजन शर्मा (न्यू गुवाहाटी), प्रद्युत बोरदोलोई (दिसपुर) और असम गण परिषद (AGP) के उम्मीदवार तपन दास (दिमोरिया) के समर्थन में किया. रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री सरमा को छोड़कर बाकी सभी उम्मीदवार और असम बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया अमित शाह के साथ मौजूद रहे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


