Bhagalpur News/Anjani Kumar Kashyap: कहते हैं कि दोस्ती में जान दी जाती है, लेकिन भागलपुर से जो खबर आई है उसने इस कहावत को डरावने सच में बदल दिया है. यहां एक मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि एक दोस्त ने दूसरे के सीने में बेदर्दी से चाकू घोंप दिया. घटना मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के कांझिया गांव की है, जहां 12वीं में पढ़ने वाले एक छात्र की हत्या के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.
क्या था पूरा मामला?
मृतक की पहचान युवराज उर्फ शिवराज के रूप में हुई है. चश्मदीदों और स्थानीय लोगों की मानें तो शिवराज और आरोपी सुमित पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच तल्खी बढ़ गई थी. दरअसल, सुमित का व्यवहार काफी झगड़ालू था, जिससे तंग आकर शिवराज ने इसकी शिकायत सुमित के घर वालों से कर दी थी. बस यही बात सुमित को चुभ गई और उसने अपने ही दोस्त को रास्ते से हटाने का मन बना लिया.
पिता की नजरों के सामने उजड़ गई दुनिया
वारदात वाले दिन कांझिया गांव के सरकारी स्कूल के पास दोनों के बीच फिर से किसी बात को लेकर बहस हुई. गुस्साया सुमित वहां से तुरंत अपने घर गया, लेकिन वह वापस हाथ जोड़कर नहीं, बल्कि हाथ में धारदार चाकू लेकर लौटा. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, सुमित ने शिवराज के सीने पर एक के बाद एक कई वार कर दिए.
दिल दहला देने वाली बात यह है कि जब यह सब हो रहा था, शिवराज के पिता उमेश कुमार घटनास्थल से महज 20 मीटर की दूरी पर खड़े थे. लहूलुहान बेटे को देख पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में शिवराज को मायागंज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें- बिहार कांग्रेस की आत्ममंथन बैठक: जिम्मेदारी, संगठन और नई राह की तलाश
एक्शन मोड़ में पुलिस
वारदात की खबर मिलते ही मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच को तेज करने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई है. फिलहाल आरोपी सुमित फरार है और पुलिस उसकी तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



