Bharat Express Conclave 2026 Live: भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क की तीसरी वर्षगांठ के खास अवसर पर दिल्ली में ‘विकसित भारत 2047: नए भारत की बात’ थीम पर भव्य मेगा कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है. इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का शानदार शुभारंभ भारत एक्सप्रेस के सीएमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय ने जगतगुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम (पीठाधीश्वर, कल्कि धाम), आचार्य मनीष और आचार्य कपिल मुनि के साथ दीप प्रज्वलित कर किया. इसी मंच से सीएमडी उपेंद्र राय ने मीडिया जगत के लिए एक बेहद ऐतिहासिक और बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि अब ‘सहारा’ का नया सफर भारत एक्सप्रेस के साथ शुरू होने जा रहा है.
मंच से कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए सीएमडी उपेंद्र राय ने जीवन दर्शन पर भी अपने विचार रखे और कहा कि प्रकृति और ईश्वर का स्वभाव एकदम ‘रेफरी’ जैसा होता है, जो हमेशा निष्पक्ष रहता है.
‘राष्ट्रीय सहारा’ को फैलाने का संकल्प
‘सहारा न्यूज़ नेटवर्क’ के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए उन्होंने घोषणा की कि सहारा न्यूज़ नेटवर्क के सभी चैनलों को एक बार फिर से चालू किया जाएगा. इसके साथ ही, प्रिंट मीडिया में भी बड़ी वापसी करते हुए उन्होंने ‘राष्ट्रीय सहारा’ को पूरे देशभर में बड़े पैमाने पर फैलाने का संकल्प लिया. उनकी इस बड़ी घोषणा ने मीडिया और पत्रकारिता जगत में एक नई ऊर्जा और हलचल पैदा कर दी है.
ये भी पढ़ें: भारत एक्सप्रेस के मेगा कॉन्क्लेव की शुरुआत, मां सरस्वती वंदना के साथ हुआ कार्यक्रम का आरंभ
सहारा श्री को सच्ची श्रद्धांजलि और लॉयल्टी का महत्व
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी उपेंद्र राय ने कहा, “सहारा श्री ने देश के लिए बहुत कुछ किया है. सहारा न्यूज़ नेटवर्क के साथ मेरी जीवन की करीब 23 सालों की लंबी यात्रा रही है.” उन्होंने वफादारी (लॉयल्टी) को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि वे किसी का भी इंटरव्यू लेते समय उसका लॉयल्टी फैक्टर जरूर परखते हैं, क्योंकि जिसमें टिकने की क्षमता नहीं है, वह जीवन में कभी बड़ा काम नहीं कर सकता.
उपेंद्र राय ने भावुक होते हुए कहा, “मैंने सीईओ और एडिटर-इन-चीफ के रूप में 15 साल तक इस नेटवर्क को चलाया और सहारा श्री के मुंह से कभी उफ तक नहीं निकली. अब कानूनी बाध्यताओं का पालन करते हुए और सहारा प्रबंधन की सहमति से मैंने यह संकल्प लिया है कि जब तक मैं जिंदा रहूंगा, इस पूरे नेटवर्क को चलाऊंगा. यही मेरी तरफ से सहारा श्री को सच्ची श्रद्धांजलि होगी.”
एक महीने में घर-घर पहुंचेगा ‘सहारा’ अखबार
सीएमडी उपेंद्र राय ने घोषणा की कि सहारा न्यूज़ से जुड़े जितने भी एसेट्स (संपत्तियां) हैं, उन सभी चैनलों को जल्द से जल्द फिर से जिंदा किया जाएगा. उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि महज एक महीने के भीतर ‘सहारा’ अखबार पूरे तेवर और कलेवर के साथ एक बार फिर पाठकों के घरों तक पहुंचने लगेगा. इस ग्रुप के पास 20 शहरों से अखबार प्रकाशित करने की क्षमता होगी, और उनका लक्ष्य इसे देशभर के 30 शहरों तक फैलाना है.
13 न्यूज़ चैनल और देश का दूसरा सबसे बड़ा नेटवर्क
इस एकीकरण के बाद यह मीडिया हाउस देश का दूसरा या तीसरा सबसे बड़ा नेटवर्क बन जाएगा. उपेंद्र राय ने बताया कि सहारा के पास 8 न्यूज़ चैनलों के लाइसेंस हैं और भारत एक्सप्रेस को मिलाकर उनके पास कुल 13 न्यूज़ चैनलों के लाइसेंस होंगे. इसके अलावा, एक मजबूत डिजिटल प्लेटफॉर्म भी होगा. रीजनल (क्षेत्रीय) न्यूज़ चैनलों की शुरुआत सबसे पहले सहारा ग्रुप ने ही की थी, और अब इस परंपरा को और भी भव्य तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.
मोबाइल जर्नलिज्म और AI से आएगी न्यूज़ क्रांति
उपेंद्र राय ने बदलते दौर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा, “बीते तीन सालों में AI ने दुनिया और हमारे जीवन को पूरी तरह बदल कर रख दिया है.” आचार्य जी के एक सुझाव का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया ने समाज को जितना सशक्त किया है, उतना सरकारें भी नहीं कर पाई हैं.
इसे ध्यान में रखते हुए एक नया ‘न्यूज़ ग्रिड’ तैयार किया जा रहा है. इसमें देश और दुनिया के किसी भी कोने में बैठा भारतीय अपने मोबाइल से खबर रिकॉर्ड करके सीधे उनके नेटवर्क पर अपलोड कर सकेगा. एक विशेष टीम इन खबरों को फिल्टर करेगी. उपेंद्र राय ने इसे न्यूज़ की दुनिया में एक बड़ी क्रांति बताया, जहां हजारों पत्रकार एक ही प्लेटफॉर्म पर जुड़ेंगे.
‘जेन-जी’ (Gen Z) के लिए खास चैनल और ‘भारत एक्सप्रेस बाजार’ की लॉन्चिंग
युवाओं को ध्यान में रखते हुए सीएमडी ने कहा कि देश की 70 प्रतिशत आबादी ‘जेन-जी’ (Gen Z) है, और वे उनके लिए एक पूरी तरह से डेडिकेटेड चैनल लाएंगे. इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि अगले 3 महीनों के भीतर बिजनेस और इकॉनमी पर केंद्रित ‘भारत एक्सप्रेस बाजार’ को भी लॉन्च कर दिया जाएगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


