Bharat Express DD Free Dish

Bihar Assembly Elections 2025: पहले चरण की वोटिंग में महिलाओं और युवाओं का उत्साह, बुजुर्गों ने भी दिखाया लोकतंत्र के प्रति समर्पण

बिहार में आज लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिल रहा है. पहले चरण की वोटिंग में महिलाओं की भारी भागीदारी, युवाओं का जोश और बुजुर्गों की जिम्मेदारी ने लोकतंत्र की तस्वीर को और जीवंत बना दिया.

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण आज पूरे जोश और उत्साह के साथ शुरू हुआ. सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें बूथों पर नजर आ रही हैं. महिलाएं, बुजुर्ग और युवा, सभी लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. हर चेहरे पर जिम्मेदारी और उम्मीद की झलक साफ दिखाई दे रही है.

बिहार में आज लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्योहार मनाया जा रहा है. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अपील की कि वे पूरे जोश के साथ मतदान करें. उनके संदेश के बाद कई जिलों में मतदाताओं में और भी ज्यादा जोश देखने को मिला.

महिलाओं की भारी भागीदारी

Bihar Assembly Elections 2025

इस बार महिला वोटर्स ने हर जगह अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई. पटना, गया, औरंगाबाद और नवादा जैसे जिलों में महिलाएं बड़ी संख्या में कतारों में दिखीं. कहीं बुजुर्ग महिलाएं लाठी के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं, तो कहीं युवा महिलाएं बच्चों को गोद में लिए वोट डालने आईं. बिहार की इन तस्वीरों ने एक बार फिर साबित किया कि महिलाएं अब हर मोर्चे पर आगे हैं.

बुजुर्गों में दिखा जोश

Bihar Assembly Elections 2025

वैशाली से एक भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया, जिसमें एक परिवार अपनी बुजुर्ग महिला को गोद में उठाकर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचा. इसी तरह तारापुर और कई अन्य जगहों से भी ऐसे ही दृश्य देखने को मिले. उम्र चाहे कितनी भी हो, लोकतंत्र के प्रति ये लगन और जिम्मेदारी बिहार की असली ताकत है.

युवाओं में जोश, पहली बार वोट देने का गर्व

Bihar Assembly Elections 2025

पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में खासा उत्साह दिखा. कई युवाओं ने वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली कैमरे के सामने गर्व से दिखाई. सोशल मीडिया पर भी “#BiharVotes” जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं, जहां लोग लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी दिखा रहे हैं.

वहीं सारण, सीवान, बेगूसराय, पटना और गोपालगंज जैसे जिलों में प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. हर बूथ पर पुलिस और सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जबकि नियंत्रण कक्ष से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. प्रशासन की कोशिश है कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो.

ये भी पढ़ें- लालू परिवार ने किया मतदान: तेजस्वी यादव ने किया ‘नंबर वन बिहार’ का आह्वान, राबड़ी देवी ने कहा- इस बार बदलाव होगा

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read