Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Parliament Security Breach: संसद में घुसपैठ के ‘मास्टरमाइंड’ ललित को कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा, कल किया था सरेंडर

Parliament Security Breach: सदन में कूदने वाले दोनों आरोपियों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी. के रूप में हुई है.

Lalit jha

संसद में घुसपैठ का आरोपी ललित झा

Parliament Security Breach: संसद में घुसपैठ के आरोपी ललित झा को पटियाला हाउस कोर्ट ने 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को संसद में घुसपैठ के ‘मास्टरमाइंड’ को अदालत के सामने पेश किया था. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ललित की 15 दिनों की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने ललित की 7 दिनों की पुलिस रिमांड को मंजूरी दी.

ललित से पहले, संसद में घुसपैठ के मामले में चार आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में गुरुवार को दो और लोगों से पूछताछ की थी.

सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलीजेंस यूनिट ने गुरुवार देर दो लोगों को पकड़ा जिनमें से एक राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है. उसने बताया कि इन दोनों ने ललित झा की मदद की थी जिसे संसद की सुरक्षा में चूक की घटना का कथित सरगना बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, झा बुधवार से ही फरार था जब चार लोगों ने संसद में और उसके बाहर सुरक्षा में सेंध लगाई थी. ललित झा गुरुवार देर रात को दिल्ली में एक पुलिस थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया.

संसद में घुसपैठ के मामले में पुलिस की नजरें अब उन लोगों पर हैं जो सोशल मीडिया पेज ‘भगत सिंह युवा फैन क्लब’ से जुड़े थे, जिसे अब ‘डिलीट’ कर दिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस फैन क्लब के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है.

संसद पर आतंकी हमले की बरसी के दिन हुई घुसपैठ की घटना

संसद पर 2001 में हुए आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार को, सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया था, जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के भीतर कूद गए और ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया. इस घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया था. इस घटना के कुछ देर बाद ही पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली ‘केन’ लेकर संसद परिसर के बाहर प्रदर्शन करने वाले एक युवक और एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया.

सदन में कूदने वाले दोनों आरोपियों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी. के रूप में हुई है. वहीं संसद परिसर के बाहर से गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान हरियाणा के जींद जिले की रहने वाली नीलम और महाराष्ट्र के लातूर निवासी अमोल शिंदे के रूप में हुई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital