Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-एनसीआर में हल्की हवा से मिली राहत, AQI अब भी खतरनाक स्तर पर

Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-एनसीआर में हल्की हवा चलने से प्रदूषण में मामूली कमी आई है लेकिन ज्यादातर इलाकों में एक्यूआई ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में बना हुआ है. विशेषज्ञों ने लोगों को मास्क पहनने और सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में हल्की हवा चलने से प्रदूषण में थोड़ी कमी जरूर आई है लेकिन हालात अब भी बेहद गंभीर बने हुए हैं. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक ज्यादातर इलाकों में AQI ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया है. इसका असर न सिर्फ सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर बल्कि स्वस्थ व्यक्तियों पर भी पड़ रहा है.

ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की स्थिति

ग्रेटर नोएडा में AQI 292 दर्ज हुआ है जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. नॉलेज पार्क-III में 261 और नॉलेज पार्क-V में 323 का स्तर रिकॉर्ड किया गया. गाजियाबाद में भी हालात बेहतर नहीं रहे. इंदिरापुरम में 284, संजय नगर में 273, वसुंधरा में 276 और लोनी में 360 का AQI दर्ज हुआ, जिसे ‘गंभीर’ श्रेणी माना जाता है.

नोएडा और दिल्ली में प्रदूषण का स्तर

नोएडा के सेक्टर-125 में 355, सेक्टर-1 में 320 और सेक्टर-116 में 332 का AQI दर्ज किया गया. वहीं दिल्ली के पूसा, आरके पुरम, रोहिणी, शादीपुर और वजीरपुर जैसे इलाकों में AQI 320 से 345 के बीच रहा, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है. विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या हृदय रोग से पीड़ित लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है.

मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 26 से घटकर 22 डिग्री सेल्सियस तक आने की संभावना है. दिन के समय ठंड का असर और ज्यादा महसूस होगा.

ये भी पढ़ें-शीतकालीन सत्र पहले रोज क्यों पेश हुआ स्थगन प्रस्ताव? जानें कांग्रेस सांसद के तर्क

विशेषज्ञों की सलाह

हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण में हल्की कमी हो सकती है लेकिन अगले कुछ दिनों में बड़े सुधार की उम्मीद कम है. डॉक्टरों ने लोगों को मास्क पहनकर बाहर निकलने, सुबह की वॉक या आउटडोर एक्सरसाइज से बचने, घर में एयर फिल्टर लगाने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read