Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर और नोएडा के लोगों को आज फिर तेज धूप, उमस और भारी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. सुबह से ही सूरज की किरणें सीधी धरती पर उतर रही हैं और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है.
मगर गर्मी सिर्फ तापमान से नहीं बल्कि उस उमस से भी महसूस हो रही है, जो शरीर को चिपचिपा और थका देने वाली स्थिति में ला देती है.
मौसम के जानकारों का कहना है कि आज तापमान भले ही 39-40 डिग्री के बीच रहेगा, लेकिन शरीर को यह 47-48 डिग्री जैसा महसूस होगा.
दिल्ली में उमस बनी सबसे बड़ी परेशानी
सुबह से ही नमी का स्तर काफी ऊंचा बना हुआ है. हवा में नमी 55% से ऊपर पहुंच गई है, जिससे घर के बाहर और भीतर दोनों जगहों पर गर्मी से राहत नहीं मिल रही है.
पंखे और कूलर की हवा भी गर्म लग रही है, जिससे लोग बेहाल हैं. जो लोग सुबह ऑफिस या स्कूल-कॉलेज के लिए निकले, उन्हें खासा पसीना और थकान महसूस हुई.
हालांकि दोपहर बाद आसमान में कुछ राहत के संकेत दिखाई देने लगे हैं (Delhi NCR Weather). बादल धीरे-धीरे मंडराने लगे हैं और मौसम विभाग ने यह संभावना जताई है कि शाम को दिल्ली और आसपास के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक भी हो सकती है, जिससे दिनभर की चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
अब भी इंतजार में है दिल्ली का मानसून
दिल्ली वालों को जिस ठंडी फुहारों का बेसब्री से इंतजार है, वो मॉनसून अब तक राजधानी में नहीं पहुंचा है. आमतौर पर जून के आखिरी दिनों में मॉनसून दिल्ली में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार मानसून थोड़ी देर से पहुंच रहा है.
मानसून की लेट एंट्री के पीछे एक एंटी-साइक्लोनिक सिस्टम बताया जा रहा है, जो मानसूनी बादलों के आने में रुकावट पैदा कर रहा है.
जानकारों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में हालात बदल सकते हैं और मॉनसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है.
ये भी पढ़ें- ‘चिलचिलाती धूप में अद्भुत उत्साह’…, BJP सांसद मनोज तिवारी ने पुरी में शुरू हुई जगन्नाथ रथ यात्रा में लिया भाग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



