Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

अगले कुछ घंटे भारी! दिल्ली-नोएडा में 80 की रफ्तार से चलेगी आंधी, मौसम विभाग ने दी घर में रहने की सलाह

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ घंटों में मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में 80 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है.

Delhi NCR Weather Today Rain Storm Alert 80kmph Wind IMD Monsoon

देश भर में इन दिनों मौसम अजीबोगरीब करवटें ले रहा है. कहीं आसमान से राहत की फुहारें बरस रही हैं, तो कहीं लोग अब भी चिलचिलाती गर्मी के बीच मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर है, लेकिन राहत की बात यह है कि यह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. ताजा अपडेट के अनुसार, मानसून ने आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई नए इलाकों को अपने घेरे में ले लिया है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 4-5 दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों में भी झमाझम बारिश के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं.

दिल्ली-NCR में पलटेगा पासा, 80 की रफ्तार से चलेगी आंधी

राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर (Noida, Ghaziabad, Gurugram) के लोगों के लिए मौसम विभाग ने एक बड़ा और जरूरी अलर्ट जारी किया है. आज यानी 16 जून को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. भले ही दिन में उमस और गर्मी परेशान करे, लेकिन अगले कुछ ही घंटों में मौसम पूरी तरह बदलने वाला है.

एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के एक्टिव होने से दिल्ली-एनसीआर में तेज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है. सबसे ज्यादा डराने वाली बात आंधी की रफ्तार है, जो 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर कुछ जगहों पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार पकड़ सकती है. इस अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

हरियाणा और यूपी के इन जिलों में भी आंधी-पानी का संकट

इस आंधी-पानी का असर सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में भी देखने को मिलेगा. हरियाणा के कैथल, करनाल, पानीपत, हिसार, रोहतक, सोनीपत, भिवानी, फतेहाबाद और जींद में बिजली कड़कने के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं.

वहीं, यूपी के शामली, मेरठ, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर में भी धूल भरी आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू होने की पूरी संभावना है.

मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक करीब, पूर्वोत्तर में आफत

मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां जून में उम्मीद से 29% कम पानी बरसा है, जिससे लोग परेशान हैं. हालांकि, अब यह इंतजार खत्म होने वाला है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 या 19 जून तक मानसून बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के रास्ते एमपी में एंट्री मार देगा. आज भोपाल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, नर्मदापुरम, सागर और सिवनी समेत 30 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, जबकि इंदौर और जबलपुर में तेज धूप निकल सकती है.

दूसरी तरफ, असम और मेघालय समेत पूरे पूर्वोत्तर में आफत की भारी बारिश जारी है, तो वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा में लोग अब भी भीषण हीटवेव (लू) का सामना कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: आइए जानें उस असाधारण महिला के बारे में, जिन्होंने इतिहास के पीछे रहकर भी इतिहास रचा – मणिबेन पटेल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital