अब गूगल-मेटा को ईडी ने भेजा समन
Illegal Online Betting Apps: अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स (Illegal Online Betting Apps) के मामले में शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गूगल और मेटा (फेसबुक) को समन जारी किया है. ED ने दोनों कंपनियों को 21 जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया है. कंपनियों पर आरोप है कि इन्होंने जांच के घेरे में रहने वाले ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़ी वेबसाइट्स को अपने प्लेटफॉर्म पर मेन विज्ञापन स्लॉट दिये. जिसकी वजह से इनकी देश में लोकप्रियता में भारी इजाफा हुआ.
ED का कहना है कि गूगल और मेटा ने मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला जैसे गंभीर आर्थिक अपराधों को लेकर जांच के घेरे में रहने वाली ऐप्स को प्रचार-प्रसार के लिए अपना प्लेटफॉर्म दिया. जिसकी वजह से उनकी पहुंच देश के कोने-कोने में हो गई.
Illegal Online Betting Apps पर ये है आरोप
प्रवर्तन निदेशालय की जांच के अनुसार, जांच के घेरे में आए ये सभी सट्टेबाजी ऐप्स (Illegal Online Betting Apps) अवैध जुआ चला रहे थे, लेकिन ये खुद को स्किल बेस्ड गेमिंग प्लेटफॉर्म दिखाते थे. जिसकी मदद से ये प्लेटफॉर्म करोड़ों रुपये की ब्लैक मनी जेनरेट कर रहे थे. जिसे ये हवाला के जरिये देश के बाहर भेज रहे थे.
Illegal Online Betting Apps केस में 29 सेलिब्रिटीज पर केस दर्ज
गौरतलब है कि, ईडी ने हाल ही में इस मामले में 29 सेलिब्रिटीज और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के खिलाफ केस दर्ज किया है. इनमें प्रकाश राज, विजय देवरकोंडा जैसे सुपरस्टार भी शामिल हैं. आरोप है कि इन्होंने इन अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स से भारी-भरकम रकम लेकर इनका प्रचार-प्रसार किया.
महादेव ऐप मामला भी है शामिल
ऐसे ही एक मामला महादेव ऐप घोटाला का है. जिसमें 6000 करोड़ रुपये से ज्यादा का घपला किया गया. इस मामले में ईडी कई सेलेब्रिटीज से पूछताछ कर चुकी है. ईडी का दावा है कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस ऐप के जरिये 500 करोड़ रुपये मिले थे.
Fairplay IPL Betting App पर ये लगे हैं आरोप
ऐसा ही एक मामला Fairplay IPL Betting App का भी है. जिसने IPL मैचों की अवैध स्ट्रीमिंग की. इसकी मदद से उसने ऑनलाइन सट्टेबाजी को बढ़ावा दिया है. इससे इसके आधिकारिक ब्रॉडकास्टर Viacome 18 को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. इस मामले में ईडी ने कई सेलिब्रिटीज को अभियुक्त बनाया है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
