Bharat Express DD Free Dish

भारतीय फैशन को दुनिया में मिली नई पहचान, FDCI चेयरमैन ने पीएम मोदी को दिया श्रेय

FDCI चेयरमैन सुनील सेठी ने कहा कि भारतीय फैशन और टेक्सटाइल को दुनिया में नई पहचान दिलाने में पीएम मोदी का बड़ा योगदान है. उन्होंने खादी के ग्लोबल विस्तार की भी सराहना की

FDCI Chairman Sunil Sethi Praises PM Modi For Promoting Indian Fashion Globally Bharat Express

भारतीय फैशन उद्योग को वैश्विक मंच पर मिली एक नई दिशा और पहचान को लेकर फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया (FDCI) के चेयरमैन सुनील सेठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में भारतीय कपड़ों, क्राफ्ट और टेक्सटाइल को जो अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल हुआ है, उसका एक बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों को जाता है.

PM Modi ने ग्लोबल किया भारतीय क्राफ्ट

सुनील सेठी ने कहा कि पीएम मोदी जब भी किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या गणमान्य व्यक्ति से मिलते हैं, तो उन्हें भेंट में दिए जाने वाले तोहफे पूरी तरह भारतीय कला, हस्तशिल्प और टेक्सटाइल पर आधारित होते हैं. इस तरह के तोहफों से भारतीय संस्कृति और कला की सुंदरता पूरी दुनिया के सामने आती है और हर जगह इसकी सराहना की जाती है. उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय परिधानों को जिस तरह से प्रमोट किया जा रहा है, वह वास्तव में एक मिसाल है और बतौर भारतीय अपने पारंपरिक पहनावे को पहनने में गर्व महसूस होता है.

हर तरफ छाई खादी

इस दौरान सुनील सेठी खादी के वैश्विक विस्तार का विशेष रूप से उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि भारतीय खादी अब सीमाओं को लांघकर विदेशी धरती पर अपनी मजबूत पैठ बना चुकी है. खादी को ग्लोबल बनाने की इस मुहिम के तहत भूटान के राजा-रानी से लेकर मॉस्को फैशन वीक और फ्रांस तक में भारतीय खादी का इस्तेमाल और प्रदर्शन किया गया है.

हाल ही में न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में चार भारतीय डिजाइनरों ने खादी के परिधानों का एक शानदार शो पेश किया, जहां दर्शकों से खचाखच भरे हॉल ने इसकी खूब सराहना की. इस सफल शो के बाद न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने खुद पत्र लिखकर इस पहल और खादी के काम की तारीफ की है.

‘बिस्पोकन’ बुक लॉन्च में लगा दिग्गजों का जमावड़ा

यह कार्यक्रम टेलरिंग जगत के उस्ताद प्रो. एंड्रयू एम. रामरूप के जीवन और उनकी उपलब्धियों पर लिखी किताब ‘बिस्पोकन’ के विमोचन के अवसर पर आयोजित किया गया था. प्रो. रामरूप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘बिस्पोक टेलरिंग’ का दिग्गज माना जाता है. इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जहां सुनील सेठी ने भारतीय मूल के इस महान हुनरमंद के योगदान को भी सलाम किया.

यह भी पढ़ें: बंगाल में बड़ा खेला! TMC के बागी सांसदों का ठिकाना बनी NCPI रातों-रात कैसे बन गई ‘बहुजन’?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read