Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

चामलिंग का रिकॉर्ड टूटा, पीएम मोदी बने सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नेता- गुजरात भाजपा

नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कुल 8,931 दिन पूरे कर देश में निर्वाचित सरकार के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रमुख बनने का रिकॉर्ड हासिल किया है. जगदीश विश्वकर्मा के अनुसार, उन्होंने पवन कुमार चामलिंग और इंदिरा गांधी के कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में निर्वाचित सरकार के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रमुख बन गए हैं. उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को मिलाकर कुल 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं. यह जानकारी गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने गुरुवार को दी.

गांधीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने पवन कुमार चामलिंग का 8,930 दिनों का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है. साथ ही, उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4,077 दिनों के कार्यकाल को भी पार कर लिया है. वह गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री भी रहे हैं.

विष्वकर्मा ने इस उपलब्धि को केवल समय का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि पिछले 24 वर्षों में पीएम मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा और समर्पण से भरा रहा है.

उन्होंने याद दिलाया कि जब उन्होंने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला, तब राज्य कच्छ भूकंप के बाद कई चुनौतियों से जूझ रहा था. इसके बावजूद राज्य ने तेजी से पुनर्निर्माण और विकास किया.

उन्होंने मोदी सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे ‘ज्योतिग्राम योजना’ और ‘वाइब्रेंट गुजरात समिट’ का जिक्र करते हुए कहा कि इन पहलों ने निवेश और विकास को गति दी. स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा क्षेत्रों में भी कई सुधार हुए, जिन्हें उन्होंने “विकास मॉडल” बताया.

मोदी सरकार की योजनाओं से रोजगार और निवेश को बढ़ावा

प्रधानमंत्री के रूप में 2014 से अब तक के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्टैंड अप इंडिया’ जैसी योजनाओं को रोजगार और निवेश बढ़ाने वाला बताया. साथ ही ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’, ‘उज्ज्वला योजना’, ‘आयुष्मान भारत’ और ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ जैसी योजनाओं को गरीबों और किसानों के लिए लाभकारी बताया.

उन्होंने कहा कि जनधन-आधार-मोबाइल (जेएएम) प्रणाली के जरिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर को मजबूत किया गया है और देश में सड़कों, हवाई अड्डों और मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है.

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने उरी और पुलवामा हमलों के बाद सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयरस्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने कड़ा रुख अपनाया है.

वैश्विक मंच पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा

विष्वकर्मा ने यह भी कहा कि पीएम मोदी को 29 से अधिक देशों द्वारा सम्मानित किया गया है और उन्होंने 19 विदेशी संसदों को संबोधित किया है, जो भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है. कोरोना महामारी के दौरान भारत ने बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाया और कई देशों को वैक्सीन भी उपलब्ध कराई. उन्होंने विपक्ष पर व्यक्तिगत हमले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने अपने समर्थन और वोट के जरिए ऐसे आरोपों का जवाब दिया है.

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार और संस्था हैं.”

ये भी पढ़ें: फेसबुक मार्केटप्लेस ‘दुकान’ नहीं, सिर्फ ‘नोटिस बोर्ड’ है, दिल्ली हाई कोर्ट की सीसीपीए को फटकार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital