Bharat Express DD Free Dish

‘मेरा नहीं, करोड़ों भारतीयों का सम्मान…’ इंडोनेशिया के ‘बिंतांग आदिपूर्ण’ से सम्मानित किए जाने पर भावुक हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्ण’ से सम्मानित किया गया है. राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो द्वारा दिए गए इस सम्मान पर लोकसभा स्पीकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने बधाई दी.

PM Modi Receives Indonesia's Highest Honour Bintang Adipurna

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ से नवाजा गया है. जकार्ता में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के हाथों पीएम मोदी को मिले इस सम्मान के बाद देश के राजनीतिक गलियारों में जश्न का माहौल है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल सहित देश के तमाम बड़े नेताओं ने इसे हर एक हिंदुस्तानी के लिए गर्व का क्षण बताया है.

‘यह देश के 140 करोड़ लोगों का सम्मान’

इंडोनेशिया का यह सर्वोच्च सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी भावुक नजर आए. उन्होंने इस सम्मान को देश के नाम समर्पित करते हुए कहा, ‘आज जो प्यार और सम्मान मुझे इंडोनेशिया में मिला है, वह असल में मेरा नहीं बल्कि भारत के करोड़ों लोगों का सम्मान है.

यह अवॉर्ड हमारे और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक और गहरे सांस्कृतिक रिश्तों को दर्शाता है.’ पीएम मोदी ने इस खास सम्मान के लिए राष्ट्रपति प्रबोवो और इंडोनेशिया की जनता का दिल से आभार व्यक्त किया.

‘दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत कूटनीति का प्रमाण’

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पीएम मोदी को बधाई देते हुए लिखा, ‘यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत और इंडोनेशिया के बीच लगातार मजबूत हो रही दोस्ती का प्रतीक है. यह वैश्विक मंच पर प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और आपसी विश्वास को मिली एक अंतरराष्ट्रीय मान्यता है.’

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह सम्मान मिलना पीएम मोदी की प्रभावशाली कूटनीति और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती धाक को दिखाता है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इसे ‘एक्ट ईस्ट नीति’ की एक बड़ी सफलता बताया और कहा कि यह दोनों देशों के बीच की गहरी दोस्ती का सबसे बड़ा सबूत है.

ये भी पढ़ें: क्रिकेट के साथ होगा कबड्डी का भी जलवा: पीएम मोदी के स्वागत के लिए तैयार ऑस्ट्रेलिया, उच्चायुक्त ने बताया पूरा प्लान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read