गठबंधन ही सियासत है?
पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल कर लिया है. अकाली दल की वापसी के बाद एनडीए में शामिल दलों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अब एनडीए को “संपूर्ण” गठबंधन बताया है. पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल का लंबा इतिहास रहा है. बीजेपी और अकाली दल कई वर्षों तक साथ मिलकर चुनाव लड़ते रहे हैं. ऐसे में इस नए राजनीतिक समझौते को कई नेता और विश्लेषक पुराने रिश्ते की फिर से शुरुआत मान रहे हैं.
गठबंधन की राजनीति क्यों बनी मजबूरी?
देश की मौजूदा राजनीति में गठबंधन की अहमियत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है. इस समय देश के 11 राज्यों में गठबंधन सरकारें सत्ता में हैं. इनमें बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे बड़े राज्य भी शामिल हैं. उत्तर प्रदेश में बीजेपी के पास अपना बहुमत होने के बावजूद पार्टी सहयोगी दलों को साथ लेकर चल रही है. वहीं केंद्र में भी सरकार सहयोगी दलों के समर्थन पर टिकी हुई है. लोकसभा में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी जरूर है, लेकिन उसके पास बहुमत के लिए जरूरी संख्या से 22 सीटें कम हैं. ऐसे में तेलुगू देशम पार्टी (TDP), जनता दल यूनाइटेड (JDU) और शिवसेना जैसे सहयोगी दल सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. इनमें से किसी एक दल के हटने से भी राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं.
2024 के बाद NDA लगातार हुआ मजबूत
लोकसभा चुनाव 2024 के बाद देश की राजनीति में गठबंधनों की भूमिका और बढ़ी है. बीते दो वर्षों में एनडीए ने अपने सहयोगी दलों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया है. बीजेपी ने 2025 के दौरान तमिलनाडु की तीन पार्टियों को अपने गठबंधन में शामिल किया. इनमें AIADMK, तमिल मनीला कांग्रेस (TMC-मूपनार) और पूरची भारत पार्टी शामिल हैं. अब अकाली दल के वापस आने से एनडीए का कुनबा और बड़ा हो गया है.
अकाली दल ने क्यों छोड़ा था NDA?
शिरोमणि अकाली दल ने वर्ष 2020 में किसान आंदोलन और कृषि कानूनों के मुद्दे पर एनडीए से अलग होने का फैसला लिया था. इसके बाद पार्टी ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ तालमेल किया, लेकिन उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली. 2024 के लोकसभा चुनाव में भी अकाली दल ने अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था, हालांकि इस रणनीति से भी उसे बड़ा राजनीतिक फायदा नहीं हुआ.
INDIA गठबंधन को लगा झटका
जहां एनडीए का विस्तार हुआ है, वहीं विपक्षी INDIA गठबंधन को कुछ नुकसान भी उठाना पड़ा है. गठबंधन से दो प्रमुख दलों ने दूरी बना ली है. इनमें तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और आम आदमी पार्टी (AAP) का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है. आम आदमी पार्टी पंजाब, दिल्ली, गुजरात और गोवा में राजनीतिक रूप से प्रभावशाली मौजूदगी रखती है. पंजाब में फिलहाल पार्टी की सरकार भी है.
ये भी पढ़ें-कार्तिगई दीपम विवाद पर VHP का हमला, तमिलनाडु सरकार पर लगाई आस्था और अदालत की अवमानना की तोहमत
पंजाब में बीजेपी के लिए क्यों अहम है अकाली दल?
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 59 सीटों की जरूरत होती है. 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी को राज्य में 18.56 फीसदी वोट मिले थे, जबकि अकाली दल का वोट शेयर 13.42 फीसदी रहा था. हालांकि बीजेपी को एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी, जबकि अकाली दल ने एक सीट जीती थी.
विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से देखें तो बीजेपी 23 सीटों पर बढ़त में रही थी, जबकि अकाली दल को 9 सीटों पर बढ़त मिली थी. यदि दोनों दल साथ चुनाव लड़ते हैं तो उनका संयुक्त वोट शेयर 30 फीसदी से अधिक पहुंच सकता है. ऐसे में पंजाब की अगली चुनावी लड़ाई में बीजेपी-शिअद गठबंधन खुद को सरकार बनाने की दौड़ में मजबूत दावेदार के रूप में पेश कर सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




