Bharat Express DD Free Dish

“राहुल गांधी बस मुर्गा-भात बना सकते हैं”: तेजस्वी के अध्यक्ष बनते ही तेज प्रताप का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बताया डरपोक नेता

Tej Pratap On Rahul Gandhi: तेजस्वी यादव के राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद तेज प्रताप यादव ने भाई को जिम्मेदारी निभाने की सलाह दी. वहीं राहुल गांधी को उन्होंने डरपोक और फटफटिया मास्टर बताया. तेज प्रताप ने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ मुर्गा-भात बना सकते हैं.

Tej Pratap on rahul gandhi

Tej Pratap On Rahul Gandhi: पटना के होटल मौर्य में रविवार को तेजस्वी यादव की राजद के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर ताजपोशी हुई. जिसने बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी. तेजस्वी यादव के राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद अब लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जन शक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने भाई को लेकर कहा कि, उन्हें जिम्मेदारी दी गई है, इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिये. इसमें हम क्या ही कह सकते हैं? जिसे भी जिम्मेदारी मिलती है उसे निभानी चाहिये.

तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के तुरंत बाद बहन रोहिणी आचार्य ने भी तेजस्वी पर निशाना साधा. उन्होंने तेजस्वी को घुसपैठियों के गिरोह की कठपुतली बताया. रोहिणी ने एक्स पर लिखा,

सियासत के शिखर-पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप, गिरोह-ए-घुसपैठ को उनके हाथों की कठपुतली बने शहज़ादे की ताजपोशी मुबारक.

रोहिणी के बयान को बताया सही

रोहिणी के ट्वीट को लेकर जब तेज प्रताप यादव से मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने इसे सही बताया. तेज प्रताप ने कहा,

वह बिल्कुल 100% सही है. अगर उन्होंने (लालू यादव) यह फैसला लिया है तो, उन्हें लगा होगा कि यह सही है. तो अच्छी बात है. हम लोग आगे बढ़ रहे हैं.

राहुल गांधी डरपोक और फटफटिया मास्टर

तेज प्रताप यादव ने इस दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने राहुल गांधी को फटफटिया मास्टर करार दिया. तेज प्रताप ने कहा कि राहुल गांधी का काम बस यहीं है कि वह मुर्गा भात बना सकते हैं. राहुल गांधी डरपोक नेता हैं.

जन शक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा गर्म है. जहां तेजस्वी को कमान मिलने के बाद पार्टी में उत्साह है, तो वहीं तेज प्रताप के बयान ने नई सियासी घमासान छेड़ दिया है.

ये भी पढ़ें- खतरे में लालू यादव की विरासत? RJD की बैठक से पहले रोहिणी का नया विस्फोटक पोस्ट, भाई तेजस्वी को ‘छीला’

लालू यादव की अध्यक्षता में लिया गया फैसला

गौरतलब है कि पटना के होटल मौर्या में आज रविवार को आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई. जिसमें लालू प्रसाद यादव भी शामिल हुए. इस बैठक में तेजस्वी यादव को राजद को कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने का फैसला लिया गया.

तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष पद का प्रस्ताव राजद महासचिव भोला यादव ने रखा. जिसे कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से मान लिया. इस दौरान RJD अध्यक्ष लालू यादव, राबड़ी देवी, संजय यादव, मीसा भारती समेत कई आरजेडी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read