Bharat Express DD Free Dish

यूपी-दिल्ली में बदलेगा मौसम का रंग: उत्तर भारत में छाएंगे बादल, पहाड़ों पर बर्फ तो मैदानों में बारिश, कई राज्यों में अलर्ट

उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. पिछले कुछ दिनों की चटक धूप के बाद अब बादलों ने डेरा डाल लिया है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ समेत कई जिलों में अगले 48 घंटों में बारिश की संभावना है.

Weather Update

प्रतिकात्मक फोटो

उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से निकल रही गुनगुनी धूप को देखकर ऐसा लगने लगा है कि सर्दी अब विदा ले रही है. लेकिन मौसम एक बार फिर करवट बदलने की तैयारी कर रहा है. पिछले दो-तीन दिनों की राहत के बाद अब आसमान में बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है, जो आने वाले दिनों में भारी उथल-पुथल के संकेत दे रहे हैं.

बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत के मौसम में अगले 24 से 48 घंटों के भीतर बड़ा फेरबदल होने वाला है. इसकी मुख्य वजह दो नए ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (Western Disturbances) का सक्रिय होना है. इसका असर सिर्फ मैदानी इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पहाड़ों पर भी जबरदस्त बर्फबारी देखने को मिलेगी.

कोहरे का ‘रेड अलर्ट’

बारिश की बूंदें गिरने से पहले कोहरे ने अपना जाल बिछाना शुरू कर दिया है. राजस्थान, पंजाब और हरियाणा से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक घने कोहरे की चादर लिपटी हुई है. खासकर पंजाब के अमृतसर और भटिंडा जैसे इलाकों में तो हालात काफी गंभीर हैं, जहां सुबह विजिबिलिटी महज 150 मीटर तक रह गई है.

दिल्ली-NCR और पश्चिमी यूपी में कब होगी बारिश?

मौसम के इस बदले मिजाज का सबसे पहले असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिखेगा. 22 जनवरी से नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर जैसे जिलों में बादलों की लुकाछिपी शुरू हो जाएगी. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी और अच्छी-खासी बारिश हो सकती है. इसके अलावा सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में भी मौसम बिगड़ने की पूरी संभावना है.

पहाड़ों पर ‘कुदरत का तांडव’

मैदानी इलाकों में जहां बारिश की संभावना है, वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू होने वाला है. कश्मीर में 22 और 23 जनवरी को भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी अगले 7 दिनों तक बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है. सैलानियों के लिए यह खबर अच्छी हो सकती है, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए यह मुश्किलें बढ़ा सकता है.

क्या फिर बढ़ेगी ठिठुरन?

आम तौर पर बारिश होने पर लोगों को लगता है कि सर्दी और बढ़ जाएगी, लेकिन इस बार मामला थोड़ा पेचीदा है. बादलों की वजह से रात के तापमान में 4 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे फिलहाल रातें उतनी ठंडी नहीं लग रही हैं. लेकिन असली खेल बारिश थमने के बाद शुरू होगा. जैसे ही आसमान साफ होगा, पश्चिम की हवाएं एक बार फिर से मैदानी इलाकों में ठिठुरन पैदा करेंगी.

ये भी पढ़ें: दिल्ली सरकार का बड़ा कदम: मेट्रो फेज-IV के लिए फंड जारी, तीन नए कॉरिडोर से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read