Bharat Express DD Free Dish

शहडोल में तालाब बनी आंगनबाड़ी, पानी से लबालब परिसर में जान जोखिम में डालकर पहुंच रहे मासूम

शहडोल के कुम्हारी गांव में भारी बारिश से आंगनबाड़ी केंद्र तालाब में तब्दील हो गया है. मासूम बच्चे जान जोखिम में डालकर गंदे पानी के बीच से केंद्र जाने को मजबूर हैं.

Waterlogged Anganwadi Center In Shahdol Kumhari Village Risk To Kids Bharat Express

Shahdol Anganwadi Center Waterlogging: अनिल पाण्डेय/शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने ग्रामीण इलाकों में व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है. बुढार जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कुम्हारी का आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 (बरतर) इस वक्त किसी तालाब जैसा नजर आ रहा है.

आंगनबाड़ी परिसर पूरी तरह पानी से लबालब भरा हुआ है, जिससे यहां आने वाले मासूम बच्चों को हर दिन अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है.

हर पल हादसे का डर

आंगनबाड़ी केंद्र में घुटनों तक भरे पानी के बीच से होकर छोटे-छोटे मासूम बच्चों को अंदर जाना पड़ता है. परिसर में जमा पानी इतना गहरा और गंदा है कि बच्चे फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं.

वहां आने वाले मासूम बच्चों का कहना है कि उन्हें पानी के बीच से गुजरने में बहुत डर लगता है. हमेशा यह खौफ बना रहता है कि कहीं उनका पैर न फिसल जाए या वे पानी में गिर न जाएं. बावजूद इसके, व्यवस्थाओं की लाचारी के चलते वे इसी खतरनाक रास्ते से आंगनबाड़ी जाने को मजबूर हैं.

हर साल यही हाल पर जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान

बारिश के मौसम में जलभराव की वजह से न सिर्फ हादसों का खतरा बना हुआ है, बल्कि मच्छरों और जल जनित बीमारियों का प्रकोप फैलने की आशंका भी बढ़ गई है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर साल बारिश में यही हाल होता है, लेकिन पंचायत और महिला एवं बाल विकास विभाग का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है.

प्रशासनिक अनदेखी के कारण मासूमों के भविष्य की नीव कहे जाने वाले ये केंद्र आज दुर्दशा के शिकार हैं. अगर समय रहते पानी की निकासी का कोई इंतजाम नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा घट सकता है.

यह भी पढ़ें: गोवा में तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने स्कूटी को 2 किलोमीटर तक घसीटा, भीषण आग लगने से कार चालक की भी हुई मौत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read