Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: आफत ही आफत! साउथ में ‘दित्वा’, नॉर्थ में ठंड और कोहरे का कहर; जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफ़ान ‘दित्वा’ खतरा बढ़ा रहा है और कई तटीय जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उत्तर भारत में तापमान गिरने से कोहरा और सर्दी दोनों चरम पर हैं. देशभर में बदलते मौसम को देखते हुए IMD ने कई चेतावनियां जारी की हैं.

Weather Update, Ditwah Cyclone, IMD alert

Weather Update: देशभर में जैसे-जैसे दिन बदल रहे हैं, मौसम भी करवट ले रहा है. धीरे-धीरे ठंड अपना असर दिखाने लगी है. पहाड़ी राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में तापमान 8°C से भी नीचे पहुंच गया है. इन राज्यों के आसपास के इलाकों में भी गिरते तापमान के कारण कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है.

वहीं मैदानी राज्यों- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा और तेज़ ठंड महसूस हो रही है. यहां तापमान लगभग 10°C से 6°C के बीच दर्ज किया जा रहा है. दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिससे कई राज्यों में खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

IMD ने दितवा तूफान को लेकर चेतावनी जारी की

IMD के अनुसार चक्रवात दितवा 30 नवंबर तक तमिलनाडु–पुडुचेरी तट की ओर बढ़ता रहेगा. इसके प्रभाव से कडलूर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुरै, विलुप्पुरम, चेंगलपट्टू, पुडुचेरी–कराईकल, थंजावुर, तिरुचिरापल्ली, चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और रानीपेट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

साथ ही वेल्लोर, धर्मपुरी, डिंडीगुल और थेनी में भी तेज़ बारिश की संभावना जताई गई है. IMD ने इन क्षेत्रों के लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने और जितना संभव हो घर में रहने की अपील की है.

चेन्नई और पुडुचेरी के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. गरज-चमक के साथ भारी बारिश की आशंका बनी हुई है. इसके अलावा, समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवाएं उठने के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है.

उत्तर भारत में बढ़ती सर्दी

उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में ठंड लगातार तेज होती जा रही है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिमी इलाकों में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है, जिसके बाद तापमान कुछ दिन स्थिर रह सकता है.

पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों में भी तीन दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद यहां 2-3 डिग्री की कमी दर्ज की जा सकती है. महाराष्ट्र में 24 घंटे तक तापमान में बदलाव नहीं होगा, जबकि उसके बाद वहां हल्की गर्माहट बढ़ सकती है. वहीं, गुजरात में 24 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री तक गिरावट संभव है.

ये भी पढ़ें- लोकसभा और राज्यसभा में गरमा-गरमी तय, शीतकालीन सत्र से पहले रिजिजू ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली में कल हल्का बादल छाया रह सकता है और सुबह कोहरे की परत दिख सकती है. अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री और न्यूनतम 8-10 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है. इसके साथ ही प्रदूषण का स्तर अभी भी चिंताजनक बना हुआ है.

उत्तर प्रदेश में कोहरे और ठंड का बढ़ता असर

यूपी में सर्दी पूरी तरह दस्तक दे चुकी है. दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन शाम होते ही ठंड तेज हो जाती है. 1 दिसंबर से यहां ठंड और कोहरा दोनों बढ़ने वाले हैं. कई जिलों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे जा सकता है और अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. लखनऊ, कानपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली समेत कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी है.

बिहार में रातें होंगी और सर्द

बिहार में दिन में हल्की धूप तो मिल रही है, लेकिन रातें तेजी से ठंडी होती जा रही हैं. अगले एक सप्ताह तक मौसम शांत रहने की संभावना है, लेकिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रह सकता है. 5 दिसंबर से कई जिलों में शीतलहर की शुरुआत हो सकती है. सीमांचल के कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज और अररिया में 1 दिसंबर से ही तापमान गिरना शुरू हो जाएगा. झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी ठंड तेज होने वाली है और 10 दिसंबर तक सर्दी चरम पर पहुंचने की उम्मीद है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read