Weather Update: देश के बड़े हिस्से में सर्दी अब पूरी तरह से अपना असर दिखाने लगी है. राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पहाड़ी इलाकों तक ठंड और कोहरे ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है, वहीं कई जगहों पर शीत लहर जैसी स्थिति बनती जा रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए घने कोहरे और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की है.
पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में आज मौसम बेहद सख्त हो सकता है. मनाली, शिमला, समदो, ताबो और कुकुमसेरी जैसे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है. खासतौर पर मनाली में तापमान रिकॉर्ड स्तर तक गिर सकता है. अनुमान है कि यहां न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं गुलमर्ग में आज पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की उम्मीद है. शिमला, मनाली, गुलमर्ग और श्रीनगर जैसे पर्यटन स्थलों पर आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस हो सकती है.
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भी ठंड का असर साफ दिख रहा है. नैनीताल, मसूरी और चमोली में तापमान लगातार नीचे जा रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, खासकर 3500 मीटर से ऊपर के क्षेत्रों में.
कोहरे से परेशान उत्तर और पूर्वी भारत
मैदानी इलाकों में कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग ने उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. बिहार के पटना, सारण, बक्सर, भोजपुर, पूर्णिया और अररिया में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है. उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और बाराबंकी में भी घना कोहरा छा सकता है. इसके अलावा राजस्थान के जयपुर और कोटा, साथ ही मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में भी कोहरे को लेकर चेतावनी दी गई है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में अभी कड़ाके की ठंड ने पूरी तरह दस्तक नहीं दी है, लेकिन रात के समय ठंड अच्छी-खासी महसूस हो रही है. दिन में मौसम सामान्य बना हुआ है और धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है. आज कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है, खासकर पश्चिमी यूपी के तराई क्षेत्रों और पूर्वी यूपी के कुछ शहरों में. हालांकि दिन के समय मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में प्रदूषण से बचाव के लिए कौन सा मास्क रहेगा सही और क्या सावधानियां बरतें?
राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज
राजस्थान में हल्के पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने करवट ली है. दिसंबर की कड़ाके की ठंड के बीच अब तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है. पिछले हफ्ते जहां शेखावाटी और माउंट आबू में तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया था, वहीं अब इसमें 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री से बढ़कर 6.5 डिग्री और नागौर में 3.3 से बढ़कर 6.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. जयपुर समेत कई शहरों में तेज धूप निकलने से दिन और रात दोनों के तापमान में इजाफा हुआ है.
उत्तराखंड में आगे कैसा रहेगा हाल
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज भी मौसम बदला-बदला सा रहेगा. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. हालांकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. राहत की बात यह है कि 19 दिसंबर तक प्रदेश में बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




