Bharat Express DD Free Dish

पश्चिम बंगाल में बकरीद की सरकारी छुट्टी में बदलाव, अब दो की जगह सिर्फ एक दिन का अवकाश

पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को एक अधिसूचना जारी कर इस वर्ष 28 मई को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की छुट्टी घोषित की है.

पश्चिम बंगाल सरकार ने आज (शनिवार) को एक अहम फैसला लेते हुए इस साल ईद-उल-अजहा (बकरीद) की सरकारी छुट्टी में बदलाव कर दिया है. पहले जो अवकाश दो दिनों के लिए तय किया गया था, अब उसे संशोधित कर सिर्फ एक दिन यानी 28 मई 2026 को मान्य कर दिया गया है. इसके साथ ही 26 और 27 मई को घोषित की गई छुट्टियों को भी रद्द कर दिया गया है.

दरअसल, नवंबर 2025 में जारी एक अधिसूचना के मुताबिक राज्य सरकार ने 26 मई (मंगलवार) को ईद से एक दिन पहले और 27 मई (बुधवार) को ईद-उल-अजहा के मौके पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था. लेकिन ताजा जानकारी के अनुसार इस बार ईद 28 मई 2026 (गुरुवार) को मनाई जाएगी. इसी बदलाव को देखते हुए राज्यपाल ने परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत संशोधित आदेश जारी किया है और 28 मई को ही आधिकारिक छुट्टी घोषित की गई है.

दफ्तरों में सामान्य कामकाज

राज्य के वित्त विभाग की ओर से जारी नए आदेश में साफ कहा गया है कि अब 26 और 27 मई की छुट्टियां रद्द मानी जाएंगी. यानी जिन सरकारी दफ्तरों, संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों पर यह अधिसूचना लागू होती है, वहां इन दोनों दिनों में कामकाज सामान्य रूप से चलेगा.

छुट्टियों की नीति और राजनीतिक चर्चा

गौरतलब है कि 2011 में जब ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब से राज्य में सार्वजनिक छुट्टियों की सूची में कई बदलाव देखने को मिले हैं. कुछ नए त्योहारों को भी इसमें शामिल किया गया है, जो पहले वाम मोर्चा सरकार के दौरान सूची का हिस्सा नहीं थे. ऐसे में इस ताजा बदलाव के बाद एक बार फिर राज्य में छुट्टियों की नीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है. लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या आने वाले समय में अन्य अवकाशों में भी संशोधन देखने को मिल सकता है.

इसी बीच हाल ही में राज्य सरकार ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों के कार्यक्रम में भी बदलाव किया था और अवकाश की अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया गया था.

राज्य सरकार ने पश्चिम बंगाल के सभी पुलिस स्टेशनों को सतर्क कर दिया है कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरतें कि राज्य भर में यह त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए.

ये भी पढ़ें: भारत दौरे पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, जानिए पीएम मोदी संग मुलाकात में क्या रहा खास

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read