Bharat Express DD Free Dish

यवतमाल में कुएं में गिरा तेंदुआ, वन विभाग ने तीन घंटे में किया सुरक्षित रेस्क्यू

Yavatmal Leopard Rescue: यवतमाल जिले के नेर तहसील के बाणगांव में मंगलवार रात एक तेंदुआ खेत के कुएं में गिर गया. बुधवार सुबह वन विभाग की टीम ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला और जल्द ही जंगल में छोड़ा जाएगा.

Yavatmal Leopard Rescue: यवतमाल जिले के नेर तहसील के बाणगांव के चिकणी डोमगा शिवार में मंगलवार रात एक तेंदुआ शिकार की तलाश में खेतों की ओर आया. अचानक वह बेबी रमेश राठोड के खेत के कुएं में गिर गया. इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई.

सुबह दिखा नजारा

बुधवार सुबह जब खेत मालिक और परिवार के लोग काम के लिए पहुंचे तो उन्हें कुएं में तेंदुआ दिखाई दिया. तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई. खबर मिलते ही नेर के वनपरिक्षेत्र अधिकारी सुभाष लंबे के मार्गदर्शन में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची.

तीन घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन

रेस्क्यू टीम ने जाल, रस्सी और विशेष पिंजरे का इस्तेमाल कर तेंदुए को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. इस दौरान मानद वन्यजीव संरक्षक दल के सदस्य और स्थानीय लोग भी सहयोग करते रहे. तेंदुआ आक्रामक न हो, इसके लिए पूरी सावधानी बरती गई. करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया गया.

ये भी पढ़ें-ईरान-इजराइल संघर्ष में नागौर का बेटा दलीप सिंह शहीद, ओमान में तेल टैंकर पर मिसाइल हमला

इलाके में दहशत, फिर राहत

तेंदुए के कुएं में गिरने की खबर से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई थी. लेकिन वन विभाग की तत्परता से बिना किसी जनहानि के स्थिति संभाल ली गई. अधिकारी सुभाष लंबे ने बताया कि तेंदुए की चिकित्सकीय जांच के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा. साथ ही लोगों से अपील की गई कि ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना प्रशासन को दें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read