Muskmelon Kheer Benefits
Muskmelon Kheer Benefits: देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है. तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोग ठंडी चीजे खाना ज्यादा पसंद करते हैं. जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ सेहतमंद भी हों. ऐसे में मौसमी फल खरबूजा और उससे बनने वाली खरबूजे की खीर लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है. यह खीर न केवल गर्मियों में ताजगी का एहसास कराती है, बल्कि कई स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करती है।
शरीर को हाइड्रेट रखता है खरबूजा
खरबूजे की खीर दूध, चावल और पके हुए खरबूजे के गूदे से तैयार की जाती है. इसका स्वाद हल्का मीठा और क्रीमी होता है, जो गर्मी के मौसम में एक बेहतरीन डेजर्ट का विकल्प बन जाता है. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है और ठंडा करके खाने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
आयुर्वेद के अनुसार, खरबूजा गर्मियों में शरीर के लिए बेहद लाभकारी फल माना जाता है. इसमें लगभग 90 प्रतिशत पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. गर्मी के मौसम में पसीने के कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है, ऐसे में खरबूजे खाने से पानी की कमी भी पूरी होती है.
रोग प्रतिरोधक क्षमता में मददगार होता है खरबूजा
खरबूजे में विटामिन ए, विटामिन सी, पोटेशियम और फाइबर जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं. ये तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के साथ-साथ पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाए रखते हैं. फाइबर की पर्याप्त मात्रा कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करती है. वहीं विटामिन ए और सी त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में भी सहायक माने जाते हैं.
यह भी पढ़ें: क्या आपने कभी खाया ‘बारहमासी आम’? ऑफ-सीजन में भी किसानों को बंपर कमाई करा रही फल की यह अनोखी किस्म
खरबूजे की खीर बनाने की विधि
खरबूजा कम कैलोरी वाला फल है, इसलिए यह वजन नियंत्रित रखने में भी मददगार साबित हो सकता है. यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम होती है. हालांकि मधुमेह के मरीजों को इसका सेवन डॉक्टर की सलाह के अनुसार करना चाहिए. खरबूजे की खीर बनाने के लिए दूध को उबालकर उसमें चावल डाले जाते हैं और धीमी आंच पर पकाया जाता है. इसके बाद कंडेंस्ड मिल्क मिलाकर मिठास बढ़ाई जाती है. अंत में पके हुए खरबूजे का गूदा मिलाकर मिश्रण को तैयार किया जाता है। ठंडा होने के बाद इसे केसर और बादाम से सजाकर परोसा जाता है. गर्मियों में यह खीर स्वाद और सेहत का बेहतरीन संगम साबित हो रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



