Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

बांग्लादेश के वे गेंदबाज जिन्होंने भारत के खिलाफ लिए सर्वाधिक टेस्ट विकेट, टीम इंडिया में जहीर नंबर वन

बांग्लादेश क्रिकेट टीम की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले बॉलर की बात करें तो यह शाकिब अल हसन हैं जिन्होंने 69 टेस्ट मैचों में 31.31 की औसत के साथ 242 विकेट लिए हैं. हालांकि शाकिब फिलहाल टेस्ट करियर के बेस्ट दौर में नहीं हैं.

Vikash Jha Edited by Vikash Jha

भारत और बांग्लादेश की बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 19 सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुरू होने जा रही है. इस सीरीज में जहां भारतीय टीम लंबे ब्रेक के बाद टेस्ट मैचों में वापसी करेगी तो वहीं बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान को उसकी ही धरती पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन करने के बाद आ रही है. फॉर्म के आधार पर बांग्लादेश को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। कुल मिलाकर, सीरीज रोमांचक होने की उम्मीद है.

चेन्नई की पिच स्पिन की बड़ी मददगार रही है. इस सीरीज में स्पिनरों का बोलबाला रहने की उम्मीद है. अगर हम भारत के खिलाफ बांग्लादेश के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर की बात करें तो स्पिनरों का बोलबाला रहा है. इस मामले में स्टार ऑलराउंडर और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन नंबर एक पर हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ 8 टेस्ट मैच में 37.95 की औसत के साथ सर्वाधिक 21 विकेट लिए हैं.

दूसरे नंबर पर पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद रफीक का नाम आता है जिन्होंने भारत के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों में 46.40 की औसत के साथ 15 विकेट लिए थे. तीसरे नंबर पर ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज हैं जिन्होंने भारत के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों में 45.71 की औसत के साथ 14 विकेट चटकाए हैं. इस लिस्ट में तेज गेंदबाज शहादत हुसैन भी हैं जिन्होंने 3 मैचों में 26.75 की औसत के साथ 12 विकेट चटकाए हैं. मजेदार बात यह है कि पूर्व पेसर शहादत का औसत स्पिनरों से बढ़िया है. इसके बाद तैजुल इस्लाम ऐसे बाएं हाथ के स्पिन बॉलर हैं जिन्होंने 6 मैचों 12 विकेट लिए हैं, लेकिन उनकी औसत 63.50 की रही है.

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और पेसर मशरफे मुर्तजा ने भारत के खिलाफ 4 मैचों में 38 की औसत के साथ 11 विकेट लिए हैं. यह आंकड़े बताते हैं कि बांग्लादेश की गेंदबाजी भारत के सामने अधिक नहीं चली है. न तो उनके स्पिनर बहुत प्रभाव छोड़ पाए हैं और न ही तेज गेंदबाज. जबकि भारत की बात करें तो बांग्लादेश के खिलाफ सर्वाधिक टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान के नाम हैं जिन्होंने 7 मैचों में 24.25 की औसत के साथ 31 विकेट लिए हैं.

वहीं बांग्लादेश क्रिकेट टीम की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले बॉलर की बात करें तो यह शाकिब अल हसन हैं जिन्होंने 69 टेस्ट मैचों में 31.31 की औसत के साथ 242 विकेट लिए हैं. हालांकि शाकिब फिलहाल टेस्ट करियर के बेस्ट दौर में नहीं हैं. उन्होंने हाल ही में टेस्ट मैच खेलने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है. भारत के खिलाफ दौरे पर उनका प्रदर्शन मेहमान टीम के लिए काफी मायने रखेगा. आंकड़े देखकर स्पष्ट है कि बांग्लादेश के सामने भारत के खिलाफ कड़ी चुनौती है. हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत उनके लिए एक बड़ा बूस्ट साबित हो चुकी है.

ये भी पढ़ें- एक महीने बाद मैदान पर लौटी टीम इंडिया, बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए शुरू की तैयारी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital