Gautam Gambhir Death Threat: भारतीय क्रिकेट टीम के नए मुख्य कोच और पूर्व बीजेपी सांसद गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी मिली है. बताया जा रहा है कि ये धमकी कथित आतंकी संगठन ‘आईएसआईएस कश्मीर’ की ओर से भेजी गई है. गंभीर ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस से संपर्क किया और एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. साथ ही उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है.
Former BJP MP and current head coach of the Indian cricket team, Gautam Gambhir, received a death threat from ‘ISIS Kashmir’. On Wednesday, he approached the Delhi Police, filing a formal complaint for an FIR and seeking measures to safeguard his family’s security: Office of… pic.twitter.com/MEG26UIwFh
— ANI (@ANI) April 24, 2025
पहलगाम हमले के बाद गंभीर ने दी थी कड़ी प्रतिक्रिया
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए लिखा था कि भारत इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा. गंभीर ने लिखा था, “मृतकों के परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. इसके लिए जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी. भारत हमला करेगा.”
22 अप्रैल को पहलगाम के बाइसारन इलाके में हुए इस आतंकी हमले में कुल 26 लोगों की जान चली गई, जिनमें 25 भारतीय नागरिक और एक नेपाली नागरिक शामिल था. हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है. हालांकि पाकिस्तान ने इस हमले से अपने हाथ झाड़ते हुए दावा किया है कि उसकी कोई भूमिका नहीं है.
पाकिस्तान ने बुलाई आपात बैठक
भारत में इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक उच्च स्तरीय कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक बुलाई, जिसमें सुरक्षा हालात की समीक्षा की गई. इसके कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने भी एक राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (NSC) की आपात बैठक बुला ली है. पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि यह बैठक भारत के बयान के बाद की स्थिति पर चर्चा के लिए बुलाई गई है.
इस हमले के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बल अलर्ट मोड में हैं. आतंकियों की तलाश के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और पूछताछ के लिए सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


