CWG Glasgow 2026
CWG Glasgow 2026: ओलंपिक मेडलिस्ट मीराबाई चानू ने रविवार को ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय वेटलिफ्टिंग के इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय लिखा. चानू ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग का खिताब जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल की हैट्रिक पूरी कर ली. इसी के साथ उन्होंने गेम्स और कॉमनवेल्थ स्नैच रिकॉर्ड भी तोड़े.
नाइजीरिया की सिल्वर मेडलिस्ट रूथ असुकुओ न्योंग कुल 168 किग्रा वजन (75 स्नैच और 93 क्लीन एंड जर्क) उठाकर दूसरे स्थान पर रहीं, जो मीराबाई के विजयी प्रदर्शन से पूरे 22 किग्रा कम था. मलेशिया की आइरीन हेनरी ने कुल 167 किग्रा (77 स्नैच और 90 क्लीन एंड जर्क) ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.
मीराबाई चानू ने 2014 ग्लासगो में सिल्वर मेडल हासिल किया था. इसके बाद 2018 गोल्ड कोस्ट, 2022 बर्मिंघम और 2026 ग्लासगो में गोल्ड मेडल अपने नाम किए.

पहले प्रयास में असफल रहीं चानू
ग्लासगो गेम्स में भारत की पहली गोल्ड मेडलिस्ट मीराबाई ने मुश्किल शुरुआत से उबरते हुए शानदार प्रदर्शन किया; हालांकि वह 82 किग्रा स्नैच के अपने पहले प्रयास में असफल रहीं, लेकिन टोक्यो ओलंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट ने दूसरे प्रयास में वह वजन उठा लिया और फिर अपने आखिरी प्रयास में बार का वजन बढ़ाकर 85 किग्रा कर दिया, जिससे उन्होंने इस इवेंट में कॉमनवेल्थ गेम्स के नए रिकॉर्ड और नए कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड बनाए.
रिकॉर्ड-तोड़ स्नैच के कारण ‘क्लीन एंड जर्क’ में आठ किलोग्राम की बढ़त बनाने के बाद, मणिपुर की इस वेटलिफ्टर ने क्लीन एंड जर्क के अपने पहले प्रयास में बार को गिरा दिया, लेकिन दूसरे प्रयास में 105 किग्रा वजन उठाकर गोल्ड मेडल पक्का कर लिया.
ऋषिकांता सिंह चानंबम ने जीता सिल्वर मेडल
दिन की शुरुआत में, भारत ने ऋषिकांता सिंह चानंबम के साथ अपना मेडल खाता खोला था. ऋषिकांता ने पुरुषों के 60 किग्रा इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता.
ये भी पढ़ें- ‘वैभव का बल्ला, गेंदबाजों का हल्ला…’ तीसरे टी20 में 35 रन से पस्त हुआ जिम्बाब्वे, भारत ने 3-0 से जीती सीरीज
ऋषिकांता ने 121 किग्रा वजन उठाकर स्नैच में कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जो पिछले 120 किग्रा के रिकॉर्ड से ज्यादा था. इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 143 किग्रा वजन उठाया, जिससे उनका कुल वजन 264 किग्रा हो गया और उन्होंने सिल्वर मेडल जीता. मलेशिया के बिन कस्डन मोहम्मद अनिक (273 किलोग्राम) ने गोल्ड अपने नाम किया, जबकि केन्या के जोशुआ अमूंगा मबोया (260 किलोग्राम) ने सिल्वर जीता.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



