World Para Athletics Championships 2025: दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चल रही वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में शुक्रवार को एक अप्रत्याशित घटना देखने को मिली. स्टेडियम परिसर में घुस आए आवारा कुत्तों ने कीनिया और जापान के कोच को काट दिया.
घटना से आयोजकों की किरकिरी हुई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे. हालांकि, घायल कोचों को तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई और अस्पताल में इलाज के बाद उनकी स्थिति अब सुरक्षित है.
कीनिया कोच पर हमला
कीनिया टीम के प्रतिनिधि जोएल अटूटी ने बताया कि सुबह लगभग दस बजे उनके कोच डेनिस माराजिया कॉल रूम के पास अपने एक खिलाड़ी से बातचीत कर रहे थे. तभी अचानक एक आवारा कुत्ता आया और उन्हें काट लिया.
घटना के तुरंत बाद उनके पैर से खून बहने लगा. स्टेडियम में मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने घायल कोच को आवश्यक इंजेक्शन और दवाइयां दीं. अब वह खतरे से बाहर हैं और इलाज जारी है.
जापान की कोच भी प्रभावित
साथ ही, जापान की कोच मेइको ओकुमत्सु को भी आवारा कुत्ते ने काट लिया. वह मुख्य प्रतिस्पर्धा स्थल से सटे प्रैक्टिस ट्रैक पर अपने खिलाड़ियों की ट्रेनिंग देख रही थीं, तभी यह घटना हुई. आयोजकों ने बताया कि दोनों कोच को तुरंत प्राथमिक चिकित्सा दी गई और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया.
ये भी पढ़ें- Women’s World Cup: कोलंबो में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टक्कर, कौन मारेगा बाजी?
आयोजकों ने की कड़ी कार्रवाई
आयोजन समिति ने बताया कि स्टेडियम परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या बार-बार सामने आने की वजह यह है कि उन्हें बार-बार खाना दिया जाता रहा. तीन अक्टूबर को इसी वजह से दो अलग-अलग घटनाएं हुईं. इसके बाद एमसीडी ने सुरक्षा बढ़ा दी है.
स्टेडियम परिसर में कुत्ता पकड़ने वाली दो टीमें तैनात कर दी गई हैं और पकड़े गए सभी जानवरों को पशु कल्याण मानदंडों के अनुसार आश्रय गृहों में स्थानांतरित किया जा रहा है.
आयोजन समिति ने साफ किया है कि प्रतिभागियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण सर्वोपरि हैं, और किसी भी हाल में समझौता नहीं किया जाएगा. वहीं आयोजक यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि आवारा जानवरों के साथ उचित व्यवहार और पशु कल्याण मानदंडों का पालन हो.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


