Bharat Express DD Free Dish

जलालाबाद अब कहलाएगा ‘परशुरामपुरी’, यूपी सरकार के फैसले पर मंत्री एके शर्मा ने जताई खुशी

Jalalabad Renamed Parshurampuri: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले की नगर पालिका परिषद जलालाबाद का नाम बदलकर अब ‘परशुरामपुरी’ किए जाने का रास्ता साफ हो गया है. नगर विकास विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद यूपी के बिजली मंत्री एके शर्मा ने खुशी जताई है.

Jalalabad Renamed Parshurampuri

Jalalabad Renamed Parshurampuri

Jalalabad Renamed Parshurampuri: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले की नगर पालिका परिषद जलालाबाद का नाम बदलकर अब ‘परशुरामपुरी’ किए जाने का रास्ता साफ हो गया है. नगर विकास विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद यूपी के बिजली मंत्री एके शर्मा ने खुशी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इससे सनातन धर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सम्मान मिला है.

मंत्री एके शर्मा ने कहा कि जलालाबाद क्षेत्र की पहचान केवल एक नगर के रूप में नहीं, बल्कि महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि और भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में भी रही है. ऐसे में नगर का नाम ‘परशुरामपुरी’ किया जाना इस क्षेत्र की पौराणिक, धार्मिक और ऐतिहासिक मान्यता को सम्मान देने वाला कदम है.

जनभावना से जुड़ा हुआ है मामला

उन्होंने कहा कि यह फैसला स्थानीय नागरिकों की जनभावना से जुड़ा हुआ है. लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस मांग को उठा रहे थे कि नगर की पहचान उसके धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के अनुरूप होनी चाहिए. अब सरकार की स्वीकृति के बाद लोगों की यह भावना पूरी होती दिख रही है.

एके शर्मा ने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं है, बल्कि आस्था, विरासत और सांस्कृतिक गौरव के संरक्षण का प्रतीक है. इस निर्णय से क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी और इसे राष्ट्रीय स्तर पर भी अलग पहचान मिल सकेगी.

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री एके शर्मा ने उम्मीद जताते हुए कहा कि नाम परिवर्तन के बाद परशुरामपुरी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों और स्थानीय विकास की संभावनाओं को भी नई गति मिल सकती है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह नगर भगवान परशुराम से जुड़े आस्था केंद्र के रूप में और अधिक प्रमुखता हासिल कर सकता है.

ये भी पढ़ें- खतरे में दागी माननीय: क्या है 130वां संविधान संशोधन विधेयक? 31वें दिन चली जाएगी कुर्सी

नगर पालिका परिषद जलालाबाद का नाम बदलने के इस फैसले के बाद स्थानीय स्तर पर भी उत्साह का माहौल है. समर्थकों का कहना है कि ‘परशुरामपुरी’ नाम इस नगर की ऐतिहासिक पहचान और धार्मिक महत्व को और बेहतर तरीके से सामने लाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read