Bharat Express DD Free Dish

जौनपुर में दूल्हे का मर्डर बना मिस्ट्री: बारात की कार पर दुल्हन के रिश्तेदार ने की अंधाधुंध फायरिंग

जौनपुर में शुक्रवार देर शाम बारात लेकर जा रहे 21 वर्षीय आजाद की नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि दुल्हन के एक रिश्तेदार प्रदीप बिंद ने शादी से नाराज होकर की थी.

Jaunpur News, Groom Murder Case, UP Crime

Jaunpur Groom Murder Case: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार की शाम एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया. बैंड-बाजे की धुन और बारातियों के उत्साह के बीच, नियति को कुछ और ही मंजूर था. नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें 21 वर्षीय दूल्हे की जान चली गई.

मनेछा गांव के पास घात लगाकर हमला

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी आजाद (21), पुत्र रामलखन, की बारात धूमधाम से खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के लिए निकली थी. बारात अभी मनेछा गांव के पास पहुंची ही थी कि पहले से घात लगाए बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की कार को चारों तरफ से घेर लिया.

बदमाशों ने बिना संकोच किए कार पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. गोलियों की तड़तड़ाहट से मौके पर भगदड़ मच गई. बाराती अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन हमलावरों का निशाना सीधा दूल्हा था.

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

फायरिंग के दौरान आजाद लहूलुहान होकर कार में ही गिर पड़ा. आनन-फानन में परिजन उसे खेतासराय के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. हालांकि, जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद आजाद को मृत घोषित कर दिया. इस खबर के मिलते ही शादी वाले दोनों घरों में कोहराम मच गया.

ये भी पढ़ें- परिणय नहीं रण हुआ..! बलरामपुर में खौफ की बारात, जानें एक शादी से कैसे दहला भगवानपुर गांव?

पुलिस जांच और चौंकाने वाला सच

शुरुआती तौर पर परिजनों ने आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है. लेकिन जब पुलिस ने गहराई से तफ्तीश की, तो मामला कुछ और ही निकला. पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह हत्या पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि एकतरफा नाराजगी का परिणाम थी. जांच में सामने आया कि जिस लड़की से आजाद की शादी हो रही थी, उसका एक

रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस विवाह से खुश नहीं था. प्रदीप ने अपने साथी रवि यादव के साथ मिलकर दूल्हे को रास्ते से हटाने की साजिश रची. नफरत और सनक के चलते इन आरोपियों ने बारात पर हमला बोल दिया. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद बडऊर और बीबीपुर दोनों गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read