प्रतापगढ़ के लालू पट्टी गांव में चारपाई फंदे से लटके मिले मां-बेटे (इमेज-Bharat Express)
Pratapgarh Double Murder/सुनील सोमवंशी: थाना संग्रामगढ़ क्षेत्र के नया पुरवा लालू पट्टी गांव में मां और उसके दो वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया. मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर पत्नी और मासूम बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुरेश पटेल की शादी करीब 10 वर्ष पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतामऊ गांव निवासी शिवचरण की बेटी नीता पटेल (30) से हुई थी. दंपती का दो वर्षीय बेटा ईशु था. परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात खाना खाने के बाद नीता अपने बेटे के साथ घर में सोने चली गई थी.
फंदे से लटके मिले मां-बेटा
रविवार सुबह दोनों की मौत की जानकारी सामने आई. पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी. सूचना देने वाले लवकुश पटेल ने अपनी बहन नीता और भांजे ईशु के घर में फंदे से लटके होने की जानकारी दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की.

पूछताछ के दौरान पति सुरेश ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां लखपतिन के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहा था. सुबह घर के अंदर पहुंचने पर पत्नी और बेटे को फंदे से लटका देखा. इसके बाद दोनों को नीचे उतार दिया.
गला दबाकर की हत्या फिर लटकाया
वहीं, मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. परिजनों का दावा है कि मौत के बाद शवों को बाहर चारपाई पर रखकर फंदे से लटकने की बात कही गई. हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत का खुलासा
थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह पुलिस टीम के साथ मामले की जांच कर रहे हैं. मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
ये भी पढ़ें- नूडल्स नहीं… 5 मौतों का सच कुछ और! ग्रेटर नोएडा कांड में सामने आए 2 बड़े एंगल, किस थ्योरी में उलझी पुलिस?
वहीं प्रतापगढ़ के एसपी दीपक भूकर ने इस मामले में घरेलू कलह के चलते पति द्वारा हत्या किए जाने की बात कही है. आरोपी पति सुरेश पटेल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. इसके अलावा आईजी अजय मिश्रा भी खुद मौके पर जांच के लिए पहुंचे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





