SIR In Uttar Pradesh: आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने जानकारी दी है कि बिहार की तर्ज पर अब उत्तर प्रदेश में भी SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यह अभियान मुख्य रूप से मतदाता सूची के पुनरीक्षण और शुद्धिकरण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है.
डुप्लीकेट और मृत वोटर्स के नाम हटेंगे
निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि SIR का मुख्य लक्ष्य सूची से डुप्लीकेट, मृतक, और स्थानांतरित मतदाताओं के नामों को हटाना है. उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया के तहत सूची से हटने वाले डुप्लीकेट मतदाताओं का आँकड़ा निश्चित रूप से बड़ा होगा, हालांकि अभी सटीक संख्या बता पाना मुश्किल है. इस प्रक्रिया से मतदाता सूची की सटीकता सुनिश्चित होगी.

घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं BLO
SIR प्रक्रिया की कार्यप्रणाली के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी सत्यापित कर रहे हैं. मतदाताओं से मतदाता पहचान पत्र और पते से संबंधित दस्तावेज भी मांगे जा रहे हैं, ताकि सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे. इस व्यापक सत्यापन से आगामी चुनावों में एक त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार हो सकेगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

