UP News: वाराणसी पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ ने अपराधियों पर शिकंजा कस दिया है. रामनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गौतस्करों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई. इस दौरान कुख्यात अपराधी गुड्डू अंसारी उर्फ गुड्डू नट पुलिस की गोली से घायल हो गया.
क्या है पूरा मामला?
चेकिंग के दौरान बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुड्डू नट के दाहिने पैर में गोली लगी. उसका एक साथी मौके से बाइक लेकर भागने में सफल रहा. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.
असलहा और कारतूस बरामद
घायल बदमाश के पास से अवैध हथियार और कारतूस मिले हैं. पुलिस के अनुसार, इन्हीं का इस्तेमाल उसने टीम पर हमला करने के लिए किया था. घायल गुड्डू को तुरंत इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया.
शातिर गौतस्कर का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
गुड्डू नट वाराणसी, भदोही और मिर्जापुर में गौतस्करी और अन्य गंभीर मामलों में कई मुकदमों का आरोपी है. हाल ही में रामनगर में पकड़ी गई गौवंश से भरी पिकअप का मालिक भी वही निकला. लंबे समय से फरार चल रहा यह अपराधी पुलिस की नजरों से बचता फिर रहा था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




