Bharat Express DD Free Dish

अमेरिका में व्हाइट हाउस से कुछ दूरी पर गोलीबारी, दो नेशनल गार्ड घायल, क्या बोले ट्रंप?

White House Shooting: वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस से कुछ दूरी पर गोलीबारी हुई. इस घटना में दो नेशनल गार्ड सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. FBI और स्थानीय पुलिस जांच में जुटी है.

White House Shooting: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस से कुछ ही सड़कों की दूरी पर गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया. यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे हुई. गोलीबारी में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो नेशनल गार्ड सदस्य भी शामिल हैं. दोनों जवानों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

शुरुआती अफरा-तफरी और पुलिस की कार्रवाई

गोलीबारी की खबर मिलते ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. असॉल्ट राइफल से लैस अधिकारी कई ब्लॉक्स में फैल गए और पूरे इलाके को सील कर दिया गया. सड़कें बंद कर दी गईं, पुलिस गाड़ियां और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और जांच टीमें सक्रिय हो गईं. घटना स्थल पर मौजूद लोगों की माने तो कुछ ही मिनटों में सुरक्षा का बड़ा घेरा बना दिया गया और किसी को भी पास जाने की अनुमति नहीं थी.

FBI की जांच

FBI की वॉशिंगटन फील्ड ऑफिस ने कहा है कि वे इस घटना की जांच स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर कर रहे हैं. अधिकारियों ने अभी तक यह नहीं बताया कि गोलीबारी क्यों हुई? हालांकि, बताया जा रहा है कि आरोपी अफगानिस्तान का नागरिक है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. एफबीआई इस मामले को आतंकी हमले की तरह जांच कर रही है.

आरोपी की पहचान

नेशनल गार्ड के दो जवानों पर गोलीबारी करने वाले हमलावर की पहचान कर ली गई है. कानून प्रवर्तन एजेंसियों की माने तो हमलावर वॉशिंगटन क्षेत्र का निवासी नहीं है. फिलहाल वह हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है. अधिकारी घटना के मकसद की भी पड़ताल कर रहे हैं.

थैंक्सगिविंग से ठीक पहले हमला

यह हमला अमेरिका के प्रमुख त्योहार ‘थैंक्सगिविंग दिवस’ से ठीक एक दिन पहले हुआ है. हर साल 27 नवंबर को यह त्योहार मनाया जाता है. ऐसे समय में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.

व्हाइट हाउस का बयान

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लिविट ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को घटना की पूरी जानकारी दे दी गई है. ट्रंप फिलहाल पाम बीच स्थित अपने रिजॉर्ट में छुट्टी पर हैं. वहीं उपराष्ट्रपति जे.डी. वैंस इस समय केंटकी में मौजूद हैं.

ट्रंप का पोस्ट

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि जिसने नेशनल गार्ड जवानों पर गोली चलाई है, उसे इसकी बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि हमारे महान नेशनल गार्ड और सेना को मेरा सलाम. मैं राष्ट्रपति होने के नाते आपके साथ खड़ा हूं.

होमलैंड सिक्योरिटी की अपील

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की सचिव रिस्टी नोएम ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि घायल जवानों के लिए सभी लोग प्रार्थना करें. उन्होंने बताया कि विभाग स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है.

ये भी पढ़ें-हांगकांग में रिहायशी टावरों में भीषण आग, 36 की मौत

अतिरिक्त नेशनल गार्ड की तैनाती

वॉशिंगटन डीसी में पहले से ही करीब 2,200 नेशनल गार्ड जवान तैनात थे. इनमें कई राज्यों से आए जवान शामिल हैं. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि फायरिंग की घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने 500 और नेशनल गार्ड जवानों की तैनाती का आदेश दिया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read