Urdu Conclave 2026

Harry Brook बने इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम के नए कप्तान, Jos Buttler की जगह संभालेंगे कमान

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक को वनडे और टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है. वे जोस बटलर की जगह लेंगे.

Harry Brook

इंग्लैंड क्रिकेट टीम को नया वाईट बॉल (वनडे और टी20) कप्तान मिल गया है. दाएं हाथ के बल्लेबाज हैरी ब्रूक (Harry Brook) को इंग्लैंड की पुरुष वनडे और टी20 टीमों का नया कप्तान नियुक्त किया गया है. वह जोस बटलर की जगह लेंगे, जिन्होंने 2025 में पाकिस्तान में हुए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड के शुरुआती दौर में बाहर होने के बाद कप्तानी छोड़ दी थी.

हैरी ब्रूक ने इससे पहले सितंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज़ में जोस बटलर के चोटिल होने पर कप्तानी की थी. इसके अलावा, वह 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड की कप्तानी भी कर चुके हैं.

कप्तानी मिलने पर ब्रूक की प्रतिक्रिया

ब्रूक ने कप्तानी मिलने के बाद कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है. जब मैं बचपन में बर्ले इन व्हारफेडेल क्लब में क्रिकेट खेलता था, तब से सपना था कि एक दिन इंग्लैंड के लिए खेलूं और शायद कप्तानी भी करूं. आज जब यह सपना साकार हुआ है तो मैं बेहद गर्व महसूस कर रहा हूं.”

“मेरे परिवार और कोचेस ने हमेशा मेरा साथ दिया और मुझ पर भरोसा किया. मैं उनके बिना यहां तक नहीं पहुंच सकता था. देश में बहुत टैलेंट है और मैं अब टीम को आगे बढ़ाने, सीरीज़ जीतने और वर्ल्ड कप्स पर फोकस करने के लिए तैयार हूं.”

ब्रूक का अब तक का प्रदर्शन

26 वर्षीय हैरी ब्रूक ने जनवरी 2022 में इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. तब से वह इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीमों का अहम हिस्सा बने हुए हैं. उन्होंने अब तक 26 वनडे मैचों में 816 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 110 रहा है. वहीं, 44 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उन्होंने 81 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली है. ब्रूक 2022 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप विजेता इंग्लैंड टीम का भी हिस्सा थे, जिसकी कप्तानी जोस बटलर ने की थी. इसके अलावा, ब्रूक ने टेस्ट क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया है और वर्तमान में वह आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर हैं.

ईसीबी ने जताया भरोसा

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के पुरुष क्रिकेट निदेशक रॉब की ने कहा, “हमें खुशी है कि हैरी ब्रूक ने यह जिम्मेदारी स्वीकार की है. वह न सिर्फ एक शानदार खिलाड़ी हैं, बल्कि उनके पास क्रिकेट की गहरी समझ और दोनों फॉर्मेट्स को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण है, जो टीम को आगे ले जाने में मदद करेगा.”

हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम अपना पहला अभियान 29 मई से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू करेगी. इस दौरे पर इंग्लैंड तीन मैचों की वनडे सीरीज और तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा. यह सीरीज ब्रूक के लिए एक महत्वपूर्ण चैलेंज होगी, जहां वह पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगे.

यह सीरीज 2026 में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप और 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का भी आगाज मानी जा रही है.


ये भी पढ़ें- MI vs RCB Match Preview: MI vs RCB में महामुकाबला आज, बुमराह की वापसी से चमकेगी मुंबई या कोहली-पाटीदार की जोड़ी पलटेगी पासा?


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read