Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु की राजनीति में आज वो हो गया जिसे कल तक नामुमकिन माना जा रहा था. द्रविड़ राजनीति के दो स्तंभों डीएमके और अन्नाद्रमुक के बीच झूलने वाले तमिलनाडु में इस बार तीसरी शक्ति ने ऐसी सेंध लगाई कि बड़े-बड़े धुरंधर धराशायी हो गए. अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) ने 103 सीटों के साथ राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर धमाका कर दिया है.
सिनेमाई पर्दे से सत्ता के शिखर तक ‘विजय’
थलपति विजय ने अपनी रील लाइफ की लोकप्रियता को रियल लाइफ के वोट बैंक में बदल दिया है. उनकी रैलियों में उमड़ने वाली भीड़ सिर्फ फोटो खिंचवाने नहीं आई थी, बल्कि सत्ता परिवर्तन के इरादे से आई थी. विजय ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद के खिलाफ जो मोर्चा खोला, उसने तमिलनाडु के युवाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं को अपनी ओर खींच लिया.
स्टालिन का किला ढहा, डीएमके तीसरे नंबर पर खिसकी
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके के लिए यह परिणाम किसी सदमे से कम नहीं है. चुनाव आयोग के अनुसार, डीएमके महज 38 सीटों पर सिमटकर तीसरे स्थान पर चली गई है. उदयनिधि स्टालिन के ‘सनातन विरोधी’ बयानों और सत्ता विरोधी लहर ने पार्टी को भारी नुकसान पहुँचाया. जनता ने दिखा दिया कि वे अब पुराने ढर्रे की राजनीति से ऊब चुके हैं.
अन्नाद्रमुक की साख बची, पर सत्ता से दूर
एआईएडीएमके गठबंधन (AIADMK+) 46 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रहा, लेकिन वह भी बहुमत से काफी दूर है. भाजपा के साथ गठबंधन के बावजूद वे विजय की ‘सुनामी’ को रोकने में नाकाम रहे. तमिलनाडु में अब एक नए युग की शुरुआत हो गई है, जहाँ राजनीति के केंद्र में ‘पेरियार और अन्ना’ के साथ-साथ ‘विजय’ का नाम भी मजबूती से जुड़ गया है.
ये भी पढ़ें- ‘BJP जीती तो कपड़े उतार कर घूमूंगा’! सूफियान भाई का दावा पड़ा उल्टा…TMC की हार के बाद तलाश में निकला सोशल मीडिया
त्रिशंकु विधानसभा और गठबंधन की राजनीति
103 सीटों के साथ विजय सबसे बड़े खिलाड़ी बनकर उभरे हैं, लेकिन 234 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए उन्हें सहयोगियों की जरूरत होगी. तमिलनाडु में अब सरकार बनाने की जोड़-तोड़ शुरू हो गई है. देखना दिलचस्प होगा कि विजय किसके साथ मिलकर सरकार बनाते हैं या फिर वे विपक्ष में बैठकर नए विकल्प के रूप में खुद को और मजबूत करते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
