Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

योगी के मंत्री असीम अरुण ने पेश की संवेदनशीलता की मिसाल, घायल ड्राइवर को सुरक्षित निकाल पहुंचाया अस्पताल

योगी सरकार के मंत्री असीम अरुण ने शनिवार देर रात मेरठ लौटते समय हापुड़ रोड पर एक पलटा हुआ टेंपो देखा. वीआईपी प्रोटोकॉल छोड़कर वे खुद गाड़ी से उतरे और अपने स्टाफ के साथ मिलकर टेंपो को सीधा कराया.

Minister Asim Arun Stops Convoy To Help Injured Tempo Driver In Meerut
Edited by Vaibhav Gupta

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और मेरठ के प्रभारी मंत्री असीम अरुण का एक बेहद संवेदनशील और मानवीय चेहरा सामने आया है. शनिवार देर रात हापुड़ रोड पर एक सड़क हादसे को देखकर मंत्री ने न सिर्फ अपना वीआईपी (VIP) काफिला रुकवाया, बल्कि खुद गाड़ी से उतरकर घायल टेंपो चालक की मदद की. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग पूर्व आईपीएस (IPS) अधिकारी और मौजूदा मंत्री असीम अरुण की दरियादिली की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

तमाशबीन बनी रही भीड़

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब पौने 12 बजे प्रभारी मंत्री असीम अरुण हरदोई से एक कार्यक्रम निपटाकर मेरठ लौट रहे थे. जैसे ही उनका काफिला हापुड़ रोड पर नगर निगम डंपिंग यार्ड के पास पहुंचा, उन्होंने देखा कि सड़क पर एक टेंपो पलटा हुआ है और उसका चालक उसी के भीतर फंसा है. हादसे के वक्त सड़क पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन ज्यादातर लोग मदद करने के बजाय तमाशबीन बने हुए थे.

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मंत्री असीम अरुण ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई. वे सुरक्षा प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना खुद कार से नीचे उतरे. उन्होंने अपने स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया और खुद भी हाथ लगाकर पलटे हुए टेंपो को सीधा कराने में जुट गए.

चालक को सुरक्षित निकाला

टेंपो सीधा होने के बाद घायल चालक को सावधानी से बाहर निकाला गया. मंत्री ने खुद उसके पास जाकर उसका हाल-चाल जाना और ढांढस बंधाया. उन्होंने अपनी देखरेख में ही टेंपो को स्टार्ट करवाया और घायल चालक को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल भिजवाया. रात के सन्नाटे में मंत्री के इस औचक और संवेदनशील कदम ने न केवल एक गरीब चालक की समय पर जान बचाई, बल्कि समाज के सामने एक बड़ी मिसाल भी पेश की है.

हरदोई में मोदी सरकार के कामकाज को सराहा

इस हादसे से पहले, हरदोई में भाजपा द्वारा आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान असीम अरुण ने केंद्र की मोदी सरकार के कामकाज की जमकर सराहना की थी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे हुए वर्षों को देश के लिए आस्था और व्यवस्था का बेहतरीन कालखंड बताया. उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में आतंकी घटनाओं पर सिर्फ कागजी विरोध जताया जाता था, लेकिन मौजूदा सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और जमीनी कार्रवाई कर देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा को एक नई मजबूती दी है.

ये भी पढ़ें: राममंदिर चढ़ावे की चोरी: जांच के लिए CM योगी ने SIT बनाई, एक कर्मचारी के घर गोबर के ढेर में मिले 10 लाख रुपए

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital