Bharat Express DD Free Dish

पति को ले गए गुंडे, तो पत्नी ने किडनैप कर ली डॉन की मां… फिर जो हुआ, जानकर रह जाएंगे हैरान

मेक्सिको की एक महिला ने अपने किडनैप हुए पति को छुड़ाने के लिए पुलिस के पास जाने के बजाय खूंखार गैंगस्टर की मां को ही बंधक बना लिया. सोशल मीडिया पर ‘मां के बदले पति’ की यह अनोखी डील वायरल हो रही है.

Viral News, Crime, Ajab Gajab

Ajab Gajab: वो कहावत तो आपने सुनी होगी कि ‘प्यार और जंग में सब जायज है’ लेकिन मेक्सिको की एक निडर महिला ने इसे सच साबित करके दिखा दिया. जब एक खूंखार गैंगस्टर ने उसके पति को किडनैप किया तो उसने पुलिस के चक्कर काटने या गुहार लगाने के बजाय सीधे मास्टरस्ट्रोक खेल दिया. महिला ने किसी और को नहीं बल्कि खुद उस गैंग के डॉन की मां को ही किडनैप कर लिया! सोशल मीडिया पर यह हैरान कर देने वाला मामला तेजी से वायरल हो रहा है और लोग महिला के दिमाग और हिम्मत की दाद दे रहे हैं.

क्या था पूरा मामला?

यह वाकया मेक्सिको के गुएरेरो राज्य के सैन मिगुएल तोतोलापन गांव का है. उस दौरान इलाके में ‘एल तेक्विलरो’ नाम के एक गैंग का खौफ हुआ करता था. इस गिरोह ने गांव के एक सीधे-सादे इंजीनियर इसाइस वैलदेस का अपहरण कर लिया. गुंडों को लगा कि परिवार डर जाएगा और गिड़गिड़ाएगा लेकिन वे इंजीनियर की पत्नी यादिरा गुइलेर्मो गार्सिया के इरादों से बेखबर थे. पति के किडनैप होते ही यादिरा घबराने की जगह तुरंत एक्शन मोड में आ गईं. उन्होंने गांव वालों को एकजुट किया और आर-पार की रणनीति बनाई.

‘तुम्हारी मां मेरे कब्जे में है…’

यादिरा और गांव वालों ने मिलकर गैंगस्टर एल तेक्विलरो की बुजुर्ग मां डोना फेलिक्स और उसके कुछ गुर्गों को ही बंधक बना लिया. इसके बाद यादिरा ने एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसने पूरे देश में तहलका मचा दिया. यादिरा ने वीडियो में सीधे डॉन को ललकारते हुए कहा, “मिस्टर एल तेक्विलरो… तुम्हारी मां मेरे पास है. अगर उनकी सलामती चाहते हो, तो मेरे पति को सही-सलामत लौटा दो. मां के बदले पति की अदला-बदली होगी!”

ये भी पढ़ें- “साड़ी नहीं लाया तो मार डाला…” पत्नी ने कुकर के ढक्कन से पीट-पीटकर ले ली पति की जान

बैकफुट पर आया गैंगस्टर

इतिहास में शायद यह पहली बार था जब किसी अपराधी के साथ फिरौती के बजाय ‘मां के बदले पति’ की शर्त रखी गई थी. जो गैंगस्टर पूरी पुलिस को चकमा देता था, अपनी मां के बंधक बनते ही घुटनों पर आ गया.

माहौल बिगड़ता देख मौके पर 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए. आखिरकार दोनों पक्षों के बीच डील हुई यादिरा ने डॉन की मां को सुरक्षित रिहा किया और डॉन के गिरोह ने उनके पति को सही-सलामत घर लौटा दिया.

सोशल मीडिया पर आ रहे मजेदार रिएक्शन

अब जब यह पुराना किस्सा इंस्टाग्राम और रेडिट पर दोबारा वायरल हुआ, तो लोग जमकर कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “इसे कहते हैं असली जीवनसाथी, बंदे ने सही औरत से शादी की है!” वहीं दूसरे ने मजाक में लिखा, “सोचो जब डॉन की मां घर पहुंची होगी तो उसने अपने बेटे की चप्पलों से कितनी पिटाई की होगी कि तेरी वजह से मुझे बुढ़ापे में किडनैप होना पड़ा!”

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read