Bharat Express DD Free Dish

‘बड़ों का सम्मान हमारी संस्कृति’, पीएम मोदी को लेकर विरोध प्रदर्शनों में अभद्र भाषा पर भड़के इमाम उमर इलियासी

ऑल इंडिया इमाम संगठन के मुख्य इमाम डॉ. उमर अहमद इलियासी ने पीएम मोदी के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने इसे पूरे देश का अपमान करार दिया.

PM Modis Insult Is Countrys Insult Says Imam Umer Ahmed Ilyasi

ऑल इंडिया इमाम संगठन के मुख्य इमाम डॉ. उमर अहमद इलियासी ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा पर कड़ा एतराज जताया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नरेंद्र मोदी देश के चुने हुए प्रधानमंत्री हैं और एक अभिभावक के समान हैं. उनके खिलाफ बोले गए अपशब्द केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे देश का अपमान हैं.

‘अमर्यादित व्यवहार गलत’

इमाम इलियासी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि एक इमाम होने के नाते देश को सही दिशा दिखाना उनका फर्ज है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को विरोध प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन यह सब एक शालीनता और मर्यादा के दायरे में होना चाहिए.

हालिया प्रदर्शनों में हुई हिंसा और आगजनी पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी बसों, गाड़ियों को फूंकना और सड़कें जाम करना पूरी तरह गलत है. सरकारी संपत्ति देश की जनता की ही है और इसे नुकसान पहुंचाकर हम अपना ही नुकसान करते हैं.

‘बड़ों का सम्मान हमारी संस्कृति’

इमाम इलियासी ने कहा कि परिवारों में भी आपस में मतभेद होते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि बड़ों का अपमान किया जाए. प्रदर्शनों के दौरान बच्चों और युवाओं द्वारा प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत माताजी के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह बेहद शर्मनाक और अमर्यादित है. भारतीय संस्कृति हमेशा से बड़ों के सम्मान की सीख देती है.

‘वैश्विक मंच पर देश का मान बढ़ा रहे PM Modi’

उन्होंने याद दिलाया कि पीएम मोदी को अब तक दुनिया के 37 देशों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है, जो भारत के इतिहास में एक मिसाल है. ऐसे नेता के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करके हम दुनिया को क्या संदेश दे रहे हैं?

इमाम इलियासी ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री का अपमान देखकर उनका दिल दुखा है और देशवासियों को अपनी संस्कृति और संस्कारों का ख्याल रखना चाहिए.

ये भी पढ़ें: सेवायाम संस्था की अनूठी पहल: 37 पाक विस्थापित हिन्दू महिलाओं के हाथों में सौंपी सिलाई मशीनें

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read