Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी का बड़ा संदेश: बोले- आज दुनिया को शांति, स्थिरता और भरोसे की सबसे ज्यादा जरूरत

मनीला में 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोविड महामारी के बाद जारी संकटों के बीच आज दुनिया को शांति और स्थिरता की सबसे ज्यादा जरूरत है.

World Needs Peace Stability Predictability PM Modi At 21st East Asia Summit Manila

फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (East Asia Summit) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक चुनौतियों पर खुलकर अपनी बात रखी. मंगलवार को सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से ही पूरी दुनिया एक के बाद एक नए संकटों का सामना कर रही है. ऐसे में आज वैश्विक समुदाय को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता (भरोसेमंद माहौल) की जरूरत है. उन्होंने शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को बधाई भी दी.

आतंकवाद, साइबर फ्रॉड और समुद्री सुरक्षा पर जताई चिंता

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में दुनिया भर में जारी संघर्षों से खाद्य, ईंधन और उर्वरक (फर्टिलाइजर) की सप्लाई पर बढ़ रहे दबाव का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर जहाजों और नाविकों को निशाना बनाया जा रहा है. इसके साथ ही आतंकवाद के गंभीर खतरे के अलावा सीमा पार से होने वाले साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन स्कैम जैसे नए अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं.

यूक्रेन और पश्चिम एशिया के हालातों का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत हर उस प्रयास का समर्थन करता रहेगा जो शांति की ओर ले जाता है. उन्होंने आसियान की एकता को भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का केंद्र बताते हुए एक स्वतंत्र, खुले और नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.

नाविकों के लिए ‘सीफेरर्स सेफ्टी इनिशिएटिव’

डिजिटल दुनिया में सुरक्षा और भरोसे पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने नई दिल्ली में हुए ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ को याद किया. उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा मानव-केंद्रित और सुरक्षित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वकालत की है, ताकि डीपफेक और गलत सूचनाओं से निपटने के लिए डिजिटल वॉटरमार्किंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल हो सके.

समुद्री व्यापार को साझा समृद्धि की जीवनरेखा बताते हुए प्रधानमंत्री ने एक अहम घोषणा भी की. उन्होंने कहा कि नौवहन की स्वतंत्रता और नाविकों की सुरक्षा हमारी साझा जिम्मेदारी है, जिसके लिए भारत ‘सीफेरर्स सेफ्टी इनिशिएटिव’ (Seafarers’ Safety Initiative) शुरू कर रहा है. इससे संयुक्त प्रशिक्षण और आपातकालीन स्थितियों में तुरंत मदद का सहयोग और मजबूत होगा.

यह भी पढ़ें: मनीला में क्वाड शिखर सम्मेलन: पीएम मोदी ने क्वाड को बताया भारत की भरोसेमंद साझेदारी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026