साल 2002 के चर्चित गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में दोषी ठहराए गए इरफान सिराज पाडा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने मेडिकल ग्राउंड पर पाडा की उम्रकैद की सजा को निलंबित करते हुए उसे जमानत दे दी है. साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बे जलाने के मामले में दोषी करार दिए गए 31 लोगों में शामिल इरफान पिछले करीब 18 साल से जेल में बंद था. जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि सजा निलंबित करने की अर्जी मुख्य रूप से चिकित्सकीय आधार पर लगाई गई है, इसलिए अदालत इस पर राहत देने के पक्ष में है.
18 साल 10 महीने की कैद
पिछली सुनवाई में याचिकाकर्ता इरफान पाडा के वकील ने दलील दी थी कि वह 18 साल 10 महीने से जेल में है और सह-आरोपियों को जमानत मिलने के बावजूद उसे अब तक राहत नहीं मिली. वकील ने गवाहों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा था कि मामले के पांचों गवाह राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े हैं, जिनमें से चार ने पाडा के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया और केवल एक ने उसकी पहचान की थी. वहीं, केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मामले में जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा था.
क्या था 2002 का गोधरा कांड?
गौरतलब है कि 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा में उग्र भीड़ ने साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगा दी थी, जिसमें 59 हिंदू कारसेवकों की मौत हो गई थी और इसके बाद पूरे राज्य में दंगे भड़क उठे थे.
मार्च 2011 में विशेष निचली अदालत ने 63 अभियुक्तों को बरी करते हुए 31 लोगों को दोषी ठहराया था, जिनमें से 11 को फांसी और 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. बाद में अक्टूबर 2017 में गुजरात हाई कोर्ट ने 11 दोषियों की मौत की सजा को भी उम्रकैद में बदल दिया था और बाकी 20 दोषियों की सजा बरकरार रखी थी.
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में शिखर अग्रवाल की SLP; राजस्थान सरकार ने पहले ही कैविएट दायर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






