Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

CM सैनी ने गुरुग्राम को दी 100 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, आधुनिक डिपो का भी किया लोकार्पण

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 100 नई इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया और सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक ई-बस डिपो का लोकार्पण किया.

Haryana CM Nayab Singh Saini Launches 100 Electric Buses Inaugurates Rs 17 Crore Depot In Gurugram
Edited by Vaibhav Gupta

साइबर सिटी गुरुग्राम में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और पर्यावरण दोनों के लिहाज से सोमवार को एक बड़ी शुरुआत हुई. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना’ के तहत शहर के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके साथ ही उन्होंने सेक्टर-48 में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ जमीन पर बने आधुनिक ई-बस डिपो का भी लोकार्पण किया. सीएम सैनी ने कहा कि यह पहल गुरुग्राम की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को स्वच्छ, सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी.

25 बसों से कभी शुरू हुआ सफर

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के शहरी परिवहन के विस्तार का पूरा खाका पेश किया. उन्होंने बताया कि शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने की शुरुआत साल 2018 में महज 25 बसों के साथ हुई थी. अब तक गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) के बेड़े में 150 सीएनजी बसें चल रही थीं, लेकिन 100 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने के बाद अब कुल बसों की संख्या बढ़कर 250 हो गई है. उन्होंने भरोसा जताया कि सेक्टर-48 का नया डिपो इन बसों के सुचारू संचालन और रखरखाव में बड़ी भूमिका निभाएगा.

हरियाणा के 10 शहरों में चलेंगी 375 E-बसें

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत देशभर में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें चलाने का संकल्प लिया है, और गुरुग्राम की यह सेवा उसी राष्ट्रीय लक्ष्य का हिस्सा है. हरियाणा की स्थिति साझा करते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य के 10 प्रमुख शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं, जिन्हें इस साल के अंत तक बढ़ाकर 375 करने का लक्ष्य रखा गया है.

इसके अलावा, चालू वित्त वर्ष के दौरान करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में भी इलेक्ट्रिक बसों के लिए नए डिपो तैयार किए जाएंगे. सीएम ने यह भी बताया कि पिछले 12 वर्षों में पानीपत समेत प्रदेश के 34 शहरों में नए बस अड्डे बनाए गए हैं. अंत में उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें और शहर को प्रदूषण मुक्त रखने में सहयोग करें.

यह भी पढ़ें: iPhone यूजर्स सावधान! टेलीग्राम CEO ने किस वेबसाइट को लेकर चेताया?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism