Bharat Express DD Free Dish

CBSE Board Exam: क्या आप भी एग्जाम से एक रात पहले कर रहे हैं ‘ओवरटाइम’? जान लें ये 6 बातें वरना मेहनत पर फिर जाएगा पानी

CBSE बोर्ड परीक्षा से ठीक एक रात पहले छात्र अक्सर तनाव में आकर कई गलतियां कर बैठते हैं. नया चैप्टर पढ़ने से लेकर नींद की कुर्बानी देने तक, जानें वे कौन सी 6 बातें हैं जो आपका रिजल्ट बिगाड़ सकती हैं

CBSE Board Exam 2026 Tips

CBSE Board 2026 की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और यकीन मानिए, इस वक्त देश के लाखों घरों में माहौल किसी जंग के मैदान जैसा है. कहीं किताबों के पन्ने पलटे जा रहे हैं, तो कहीं माता-पिता एडमिट कार्ड और ज्योमेट्री बॉक्स चेक करने में जुटे हैं. व्हाट्सएप ग्रुप्स पर ‘इंपॉर्टेंट क्वेश्चन’ की बाढ़ आई हुई है और हर छात्र के मन में बस एक ही डर है- “क्या जो मैंने पढ़ा है, वही आएगा?”

लेकिन क्या आप जानते हैं कि बोर्ड परीक्षा में आपके अच्छे नंबर सिर्फ इस बात पर तय नहीं होते कि आपने साल भर कितनी पढ़ाई की है? शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा से ठीक एक रात पहले की गई आपकी ‘परफॉर्मेंस’ यह तय करती है कि आप एग्जाम हॉल में कितना बेहतर लिख पाएंगे. अक्सर बच्चे घबराहट में उस आखिरी रात ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो उनके पूरे साल की मेहनत पर पानी फेर देती हैं.

अगर आप भी इस साल 10वीं या 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं, तो रुकिए और इन बातों पर गौर कीजिए:

1. ‘नया’ पढ़ने का लालच छोड़ दें

यह सबसे बड़ी गलती है. आखिरी रात में जब आप कोई नया चैप्टर उठाते हैं, तो आपका दिमाग उसे समझने के चक्कर में पुरानी पढ़ी हुई चीजों को भी मिक्स करने लगता है. इससे कन्फ्यूजन बढ़ता है और हाथ आती है सिर्फ घबराहट. आज की रात केवल नोट्स और फॉर्मूले दोहराने के लिए है.

2. ‘नाइट आउल’ बनने की कोशिश न करें

कई छात्रों को लगता है कि पूरी रात जागकर पढ़ने से वे ज्यादा स्कोर कर लेंगे. सच तो यह है कि थका हुआ दिमाग परीक्षा में ‘सिली मिस्टेक्स’ (छोटी गलतियां) ज्यादा करता है. दिमाग को जानकारी स्टोर करने के लिए कम से कम 6-7 घंटे की शांति और नींद चाहिए. नींद पूरी होगी, तभी कल पेन तेज चलेगा.

3. दोस्तों के ‘तैयारी मीटर’ से दूर रहें

“भाई, तूने कितने सैंपल पेपर कर लिए?”-ये एक सवाल आपके आत्मविश्वास की धज्जियां उड़ा सकता है. हर किसी की पढ़ने की रफ्तार अलग होती है. फोन बंद रखिए और यह मत पूछिए कि किसने कितना पढ़ लिया. खुद पर भरोसा रखिए.

4. सुबह की भागदौड़ से बचें

अक्सर बच्चे सुबह के भरोसे रहते हैं कि एडमिट कार्ड या पेन सुबह बैग में रख लेंगे. सुबह की हल्की सी हड़बड़ी भी मानसिक तनाव (Anxiety) को बढ़ा देती है. सोने से पहले अपना एडमिट कार्ड, पारदर्शी स्टेशनरी बॉक्स और अपनी ड्रेस तैयार रखें.

5. सोशल मीडिया की ‘भविष्यवाणियां’

हर साल यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर ‘लीक पेपर’ के नाम पर फर्जी वीडियो वायरल होते हैं. ये सिर्फ आपका समय बर्बाद करने और आपको गुमराह करने के लिए होते हैं. इन अफवाहों से दूरी बनाना ही आपकी भलाई है.

6. हल्का खाएं, हल्का महसूस करें

भारी या बाहर का खाना आज रात के लिए बिल्कुल नहीं है. पेट की गड़बड़ी आपके पूरे तीन घंटे खराब कर सकती है. हल्का घर का खाना खाएं और पानी खूब पिएं. सुबह के लिए भीगे हुए बादाम एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें: UP Board Exam 2026: आखिर क्यों छात्र खुद नहीं डाउनलोड कर पाएंगे अपना एडमिट कार्ड? जानें UPMSP का नया नियम

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read