Rajasthan High Court Recruitment
Rajasthan High Court Recruitment 2026: अगर आप राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और कोर्ट में काम करने का सपना देखते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. राजस्थान हाई कोर्ट, जोधपुर ने स्टेनोग्राफर के विभिन्न पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए जिला न्यायालयों के साथ-साथ राज्य के विधिक सेवा प्राधिकरण और स्थाई लोक अदालतों में खाली पदों को भरा जाएगा.
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 163 पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. आवेदन प्रक्रिया 22 जुलाई 2026 से शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त 2026 की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन केवल हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट hcraj.nic.in के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे.
किन पदों पर होगी भर्ती?
राजस्थान हाई कोर्ट की इस भर्ती में जिला न्यायालयों के लिए हिंदी और अंग्रेजी स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के पद शामिल हैं. वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्थाई लोक अदालतों में केवल हिंदी स्टेनोग्राफर ग्रेड-II के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. ऐसे अभ्यर्थियों के लिए यह अच्छा अवसर है जो स्टेनोग्राफी और कंप्यूटर कौशल रखते हैं तथा न्यायिक विभाग में करियर बनाना चाहते हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) पास होना जरूरी है. चाहे अभ्यर्थी ने आर्ट्स, साइंस या कॉमर्स किसी भी फिल्ड से पढ़ाई की हो, वह आवेदन करने के लिए पात्र होगा.
इसके अलावा उम्मीदवार को देवनागरी लिपि में हिंदी लिखने का ज्ञान होना चाहिए और राजस्थान की स्थानीय बोलियों की भी सामान्य जानकारी अपेक्षित है. यह योग्यता न्यायिक कार्यों को प्रभावी ढंग से संभालने के लिए जरूरी मानी गई है.
कंप्यूटर योग्यता भी अनिवार्य
सिर्फ 12वीं पास होना पर्याप्त नहीं है. अभ्यर्थी के पास मान्य कंप्यूटर योग्यता भी होनी चाहिए. इसके लिए DOEACC का ‘O’ लेवल सर्टिफिकेट, NCVT या SCVT का COPA/डीपीसीएस प्रमाणपत्र, कंप्यूटर साइंस या कंप्यूटर एप्लिकेशन में डिप्लोमा अथवा किसी पॉलिटेक्निक संस्थान से कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा स्वीकार किया जाएगा. यदि किसी उम्मीदवार ने 12वीं में कंप्यूटर साइंस को वैकल्पिक विषय के रूप में पढ़कर परीक्षा पास की है, तो उसे भी निर्धारित कंप्यूटर योग्यता के बराबर माना जाएगा.
आयु सीमा कितनी होनी चाहिए?
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अधिकतम आयु 40 वर्ष रखी गई है. आयु की गणना 1 जुलाई 2027 को आधार मानकर की जाएगी. आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा. इसके साथ ही अभ्यर्थी का मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ होना भी आवश्यक है, ताकि वह पद से जुड़ी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन कर सके.
चयन कैसे होगा?
इस भर्ती में लिखित परीक्षा की जगह उम्मीदवारों का चयन उनकी स्टेनोग्राफी क्षमता और कंप्यूटर स्किल के आधार पर किया जाएगा. सबसे पहले स्टेनोग्राफी और कंप्यूटर स्किल टेस्ट आयोजित होगा. इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. अंतिम चयन प्रदर्शन और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: ‘167 नंबर ही आए थे, वायरल OMR फर्जी!’ NEET रिजल्ट 2026 में धांधली के दावे पर NTA ने बताया क्या है सच्चाई?
परीक्षा कब और कहां होगी?
भर्ती परीक्षा का आयोजन जयपुर में किए जाने की संभावना है. फिलहाल संभावित समय सितंबर 2026 बताया गया है. हालांकि परीक्षा की सटीक तारीख और विस्तृत कार्यक्रम राजस्थान हाई कोर्ट द्वारा बाद में अलग से जारी किया जाएगा.
सैलरी भी आकर्षक
इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत इसकी आकर्षक वेतन व्यवस्था है. चयनित उम्मीदवारों को सरकारी वेतनमान के अनुसार शुरुआती स्तर से लेकर लगभग ₹1.06 लाख प्रतिमाह तक का वेतन और अन्य निर्धारित भत्तों का लाभ मिल सकता है. यही वजह है कि यह भर्ती 12वीं पास युवाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में करियर बनाने का एक बेहतरीन अवसर मानी जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

