Hina Shahab Votes In Siwan Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है. 9 बजे तक बिहार में 13.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इसी बीच सिवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब ने सिवान के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में अपना वोट डाला और मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हमारी सरकार बनने जा रही है. बता दें कि, यहां से हिना शहाब के बेटे ओसामा राजद के उम्मीदवार हैं.
गौरतलब है कि हिना शहाब 2009 में सिवान लोकसभा सीट से राजद उम्मीदवार रह चुकी हैं. आज उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ सिवान के मतदान केंद्र पहुंची और मतदान किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में हमारी सरकार बन रही है.
शहाबुद्दीन का गढ़ रहा है सिवान
सिवान क्षेत्र हमेशा से बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली शहाबुद्दीन का गढ़ रहा है. शहाबुद्दीन यहां से राजद के टिकट पर सांसद और विधायक बनते रहे. उनकी मौत के बाद उनके बेटे को राजद ने यहां से टिकट दिया है. हिना शहाब ने बिहार चुनाव को लेकर आगे कहा कि बिहार की जनता ने विकास और स्थिरता के लिए महागठबंधन को लाने का फैसला ले लिया है.
सभी को साथ लेकर चलते हैं- हिना शहाब
हिना शहाब ने आगे कहा कि हमलोग सभी समाज को साथ लेकर चलने वाले लोग हैं. ऊपर वाले पर हमें पूरा भरोसा है, रघुनाथपुर की जनता पर भरोसा है, जो भी होगा बहुत ही अच्छा होगा.
त्रिकोणीय मुकाबला में फंसे ओसामा
बता दें कि, रघुनाथपुर विधानसभा सीट के सियासी समीकरण की बात करें तो यहां पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है. एक तरफ जदयू के विकास कुमार सिंह हैं तो दूसरी तरफ जन सुराज से राहुल किर्ति हैं. 2020 के विधानसभा चुनाव में राजद ने हिना को रघुनाथपुर सीट से टिकट देने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन हिना शहाब ने ठुकरा दिया था. उन्होंने अपने करीबी हरिशंकर यादव को समर्थन दिया.
ये भी पढ़ें- पहले मतदान-फिर जलपान! मतदान से पहले तेजस्वी का खास संदेश, GEN-Z और महिलाओं से की सोच समझकर वोट करने की अपील
मुस्लिम यादव फैक्टर है प्रभावी
सियासी गुणा-गणित की बात करें तो यहां पर 2020 में राजद ने जीत दर्ज की थी. लेकिन इस बार चुनावी समीकरण अलग है. एनडीए लगातार यहां पर क्राइम को लेकर हमले कर रहा है. जिसकी वजह से राजद यहां बैकफुट पर नजर आ रही है. हालांकि जातीय समीकरणों की बात करें तो यहां मुस्लिम और यादव फैक्टर प्रभावी है. राजद को अपने इसी समीकरण पर भरोसा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


