Border 2: सनी देओल के फैंस के लिए साल 2026 की शुरुआत किसी धमाके से कम नहीं होने वाली है. 1997 में जब ‘बॉर्डर’ फिल्म आई थी, तो उसने हर हिंदुस्तानी के दिल में देशभक्ति का वो जज्बा भर दिया था जिसे आज भी महसूस किया जा सकता है.
अब करीब तीन दशक बाद, इस कल्ट क्लासिक फिल्म का सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है. फिल्म 23 जनवरी को रिलीज हो रही है, लेकिन उससे पहले मेकर्स ने एक ऐसा सरप्राइज दिया है जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है.
‘संदेसे आते हैं’ का नया अवतार
फिल्म के टीजर के बाद से ही फैंस की नजरें इसके संगीत पर टिकी थीं. खासकर उस गाने पर, जो आज भी हर फौजी और उसके परिवार की आंखों में आंसू ला देता है- ‘संदेसे आते हैं’. अब अपडेट यह है कि 2 जनवरी को इस गाने का नया वर्जन रिलीज होने जा रहा है. दिलचस्प बात यह है कि सेंसर बोर्ड के सुझाव के बाद इस गाने का नाम अब ‘घर कब आओगे’ रखा गया है.
लेकिन असली खबर गाने के सिंगर्स को लेकर है. 29 दिसंबर को जब गाने का टीजर आया था, तो उसमें सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ के नाम तो थे, लेकिन एक नाम गायब था जिसे सुनकर फैंस थोड़े मायूस थे. वो नाम था दिग्गज गायक रूप कुमार राठौड़ का. साल 2025 के आखिरी दिन मेकर्स ने सस्पेंस खत्म करते हुए ऐलान किया कि रूप कुमार राठौड़ इस जादुई सफर का हिस्सा हैं और उन्होंने अपनी आवाज से इस गाने को फिर से सजाया है.
ये भी पढ़ें- 50 लाख का बजट और 120 करोड़ की कमाई! ‘लालो’ ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, रिकॉर्ड देख बॉलीवुड के दिग्गज भी दंग
फिल्म में दिखेगा नई पीढ़ी का संगम
टी-सीरीज ने इस जानकारी को ‘साल का आखिरी सरप्राइज’ बताते हुए शेयर किया है. यह वाकई किसी ऐतिहासिक कोलैबोरेशन से कम नहीं है, जहां 90 के दशक की रूहानी आवाज और आज के दौर के अरिजीत सिंह व दिलजीत दोसांझ जैसे सितारे एक साथ नजर आएंगे. पुराने गाने के बोल जावेद अख्तर साहब ने लिखे थे, जिसे इस बार मनोज मुंतशिर ने अपने शब्दों से पिरोया है. फैंस के लिए यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि क्या यह नया वर्जन पुराने वाले जादू को बरकरार रख पाता है या नहीं.
सनी देओल की दमदार वापसी
बता दें कि अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ में इस बार सनी देओल अकेले मोर्चा नहीं संभाल रहे हैं. उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की युवा ब्रिगेड भी मैदान में उतरेगी. फिल्म की रिलीज में अब एक महीने से भी कम का वक्त बचा है और जिस तरह से मेकर्स एक के बाद एक पत्ते खोल रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि बॉक्स ऑफिस पर इस बार सुनामी आने वाली है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



